पवन कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
छपरा/डेस्क: उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच- 19) पर स्थित जयप्रभा सेतु से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जहां 25 वर्षीय एक इंजीनियरिंग की छात्रा ने सरयू नदी में छलांग लगा ली है. नदी की तेज धारा और अत्यधिक गहराई के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गई. घटना के बाद से ही इलाके में सनसनी फैल गई है. दोनों राज्यों की पुलिस गोताखोरों व स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश में जुटी हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया आंखों देखा हाल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती दोपहर के वक्त सेतु के पिलर नंबर दो के समीप पहुंची थी. कुछ देर तक वहां रुकने के बाद उसने अचानक रेलिंग के ऊपर से नदी में छलांग लगा दी. पानी में गिरने के बाद वह तेज धारा के साथ बहते हुए धनी छपरा गांव के सामने तक पहुंच गई. वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन सरयू नदी का तेज बहाव और जलस्तर अधिक होने के कारण कोई भी उस तक नहीं पहुंच सका.
मां ने दी घटना की जानकारी, पहचान हुई स्पष्ट
घटना के तुरंत बाद एक महिला रोते हुए स्थानीय उत्पाद विभाग के चेक पोस्ट पर पहुंची और अपनी बेटी के नदी में कूदने की सूचना दी. महिला ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेवक राय के टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह की पत्नी रेखा देवी के रूप में बताई. रोती हुई मां ने बताया कि नदी में छलांग लगाने वाली युवती उनकी 25 वर्षीय बेटी सौम्या सिंह है. सौम्या ने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्तमान में दिल्ली के बदरपुर इलाके से कंप्यूटर इंजीनियरिंग की शिक्षा ले रही थी. अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
दोनों राज्यों की पुलिस और नाविकों द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही बिहार के मांझी थाना क्षेत्र और उत्तर प्रदेश सीमा की पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंच गई. पुलिस बल, स्थानीय गोताखोरों और परिजनों की मौजूदगी में नाव के सहारे सरयू नदी में सघन तलाश अभियान चलाया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक छात्रा या उसके शव का कोई सुराग नहीं मिल पाया था. पुलिस इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि आखिर सौम्या ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया.
जिले में एक के बाद एक नदी में छलांग लगाने की दूसरी घटना
सारण जिले में नदी पुल से छलांग लगाने की यह दो दिनों के भीतर दूसरी बड़ी घटना है. इससे पहले बुधवार को ही मकेर थाना क्षेत्र के रेवा स्थित गंडक नदी पुल से एक संगीत शिक्षक शेखर सुमन ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी. उस मामले की गुत्थी अभी पूरी तरह से सुलझ भी नहीं पाई थी कि मांझी के जयप्रभा सेतु से इस नई घटना ने प्रशासन और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है.
यह भी पढ़ें- चाईबासा: जमीन विवाद में पति-पत्नी और 12 वर्षीय बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
