Voice of Eastern India

अज्ञात वाहन ने छात्रा को कुचला, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया महाजाम


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
राहुल कुमार / शेरघाटी : राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (जीटी रोड) पर शेरघाटी थाना क्षेत्र के पत्थरकट्टी के समीप शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पैदल जा रही एक छात्रा को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मृतिका का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-19 को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा महाजाम लग गया।

कई मीटर तक घसीटने के मिले निशान

प्रत्यक्षदर्शियों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, टक्कर के बाद वाहन मृतिका को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया। सड़क पर खून के धब्बों और शरीर के अंगों के बिखराव से यह स्पष्ट प्रतीत हो रहा था कि वाहन काफी दूरी तक उसे घसीटता रहा। घटनास्थल पर मिले निशानों को देखकर लोगों की रूह कांप उठी। पुलिस भी इस बिंदु को जांच का हिस्सा बनाकर फरार वाहन की पहचान में जुटी है।

क्षत-विक्षत हुआ शव, पहचान में जुटी पुलिस

जानकारी के अनुसार दुर्घटना शाम करीब सात बजे हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मृतिका के सिर और धड़ का हिस्सा पूरी तरह कुचल गया, जिससे तत्काल उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। शव के केवल हाथ और पैर ही अपेक्षाकृत सुरक्षित अवस्था में दिखाई दिए। मृतिका ने सफेद रंग का टॉप, काले रंग की जींस तथा पैरों में काले रंग की चप्पल पहन रखी थी।

मृतका की शिनााख्त जारी

जांच के दौरान पुलिस को दिन के समय का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें इसी तरह के पहनावे में एक युवती जाती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि फुटेज स्पष्ट नहीं होने के कारण चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है, लेकिन पुलिस कपड़ों और अन्य तथ्यों के आधार पर मृतिका की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।

वीडियो में दिखा हादसे का भयावह दृश्य

घटनास्थल से सामने आए वीडियो में दुर्घटना की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। सड़क पर खून फैला हुआ था और शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए शव को एक नारंगी रंग के कपड़े से ढंक दिया। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोग मोबाइल की रोशनी के सहारे घटनास्थल को देख रहे थे और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

एनएच-19 पर लगा करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम

घटना के विरोध में ग्रामीणों ने शेरघाटी-डोभी मार्ग पर एनएच-19 के सभी लेन को जाम कर दिया। इसके कारण शेरघाटी की ओर लगभग पांच किलोमीटर तथा डोभी की ओर करीब दस किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रक, बसें, निजी वाहन और पर्यटक गाड़ियां घंटों जाम में फंसी रहीं। उमस भरी गर्मी के बीच यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौके पर पहुंचे एसडीओ और एसडीपीओ

घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।

आरोपी चालक की तलाश जारी 

प्रशासनिक अधिकारियों ने दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच तथा सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम हटवाने की कोशिश शुरू की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन एवं मृतिका की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.