Voice of Eastern India

अब इस स्टेशन तक चलेगी पटना मेट्रो, यहां जानिए कब से मिलेगी नई सेवा


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पटना मेट्रो का अगले महीने से विस्तार होने जा रहा है और अब मलाहीपकड़ी स्टेशन तक मेट्रो रेल की सुविधा शुरू हो जाएगी। मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो के लोकार्पण की तारीख का ऐलान सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया है। इसका उद्घाटन 2 जुलाई को किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश जारी किया है। इसके अलावा पटना की सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए अधिकारियों को स्थायी समाधान वाला प्लान भी तैयार करने को कहा है।

इस दिन मलाहीपकड़ी स्टेशन तक शुरू होगी सेवा

मुख्यमंत्री ने सोमवार को पटना स्थित अपने आवास पर पटना मेट्रो रेल परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2 जुलाई को मलाहीपकड़ी स्टेशन तक मेट्रो रेल परियोजना के विस्तारीकरण का लोकार्पण कर दिया जाएगा। उन्होंने परियोजना के हर चरण के लिए स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित कर उन्हें समयसीमा के अंदर पूरा करने का निर्देश जारी किया है। साथ ही अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी तरह की  लापरवाही नहीं बरतने का भी सख्त निर्देश जारी किया गया है।  

पटना में बनेगा ट्रैफिक प्लान 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना मेट्रो के निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसका ख्याल रखा जाए। सड़कों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान भी तैयार किया जाएगा। पटना मेट्रो के विस्तार से शहरवासियों को आवागमन में सुविधा होगी। 

अभी 3 स्टेशन पर चल रही पटना मेट्रो

पटना मेट्रो मुख्य रूप से दो कॉरिडोर रेड लाइन और ब्लू लाइन में बन रही है। अभी इसके प्रायोरिटी कॉरिडोर पर तीन स्टेशन (न्यू आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ) पर मेट्रो ट्रेन सेवा जारी है। 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.