न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क : पटना मेट्रो की नई 681 मीटर लंबी अंडरग्राउंड टनल बनकर तैयार हो गई। यह मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्रनगर टर्मिनल के बीच का हिस्सा है। टीबीएम-04 ने डाउन लाइन सुरंग का निर्माण पूरा किया है। अब मलाही पकड़ी से राजेंद्रनगर स्टेशन को रैंप बनाकर जोड़ा जाए।
750 मीटर का बनेगा रैंप
पटना मेट्रो परियोजना लाखों यात्रियों को सुरक्षित, तेज व पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी। मलाही पकड़ी से राजेंद्रनगर मेट्रो स्टेशन की दूरी करीब 2 किमी है। अधिकारियों के मुताबिक मलाही पकड़ी स्टेशन से आगे एलिवेटेड बना हुआ है। यहां से 750 मीटर का रैंप बनेगा। इसके बाद अंडरग्राउंड टनल में लाइन सीधी होकर राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास मेट्रो स्टेशन पर खड़ी होगी।
पटना जंक्शन तक टनल
राजेंद्रनगर से मोइनुल हक स्टेडियम तक डाउन लाइन अंडर ग्राउंड टनल बनी है। अप लाइन में टीबीएम काम कर रही है। वहीं, स्टेडियम से पटना विवि तक अप और डाउन लाइन टनल बनकर तैयार हो चुकी है। यहां से पीएमसीएच होते गांधी मैदान तक निर्माण कार्य जारी है। वहीं, गांधी मैदान से आकाशवाणी होते पटना जंक्शन तक टनल का निर्माण चल रहा है। मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक इस साल के अंततक तक प्रायरिटी कॉरिडोर में टनल का निर्माण पूरा हो जाएगा। इसके बाद फिनिशिंग, ट्रैक बिछाने सहित अन्य कार्य करने होंगे।
इस रूट में काम बाकी
खेमनीचक से जगनपुरा, रामकृष्णा नगर होते मीठापुर तक एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण तेजी से चल रहा है। अब मीठापुर से पटना जंक्शन को जोड़ने का कार्य बचा है। यहां भी राजेंद्र नगर टर्मिनल की तरह रेलवे लाइन के नीचे टनल बनेगी। इसका निर्माण पूरा होने के बाद कॉरिडोर वन और कॉरिडोर टू की ट्रेन पटना जंक्शन पहुंचेगी।
मलाही पकड़ी तक जल्द शुरू होगी सेवा
अभी पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन तक 3.45 किमी एलिवेटेड मेट्रो ट्रैक पर लोग सफर कर रहे हैं। अब भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच परिचालन 2.75 किमी परिचालन शुरू होना है। इसके बाद पटना शहर में 6.2 किमी का सफर आम लोग करेंगे।
