न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार के भोजपुर जिले में हुए चर्चित भरत तिवारी के एनकाउंटर में आरोपी एसडीपीओ को 7 दिन बाद नई पोस्टिंग मिल गई है। जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी रहे डीएसपी राजेश कुमार शर्मा को बिहार पुलिस की मद्य निषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो इकाई में डीएसपी बनाया गया है।
मुख्यालय अटैच किए गए थे राजेश कुमार शर्मा
भरत तिवारी एनकाउंटर में पुलिस वालों के खिलाफ दर्ज एफआईआर में राजेश कुमार शर्मा नामजद आरोपी हैं, उन पर हत्या का आरोप है। एफआईआर होने के बाद उन्हें जगदीशपुर एसडीपीओ पद से हटाकर 24 जून को मुख्यालय अटैच कर दिया गया था। सम्राट चौधरी सरकार ने आज 12 आईपीएस और 53 डीएसपी के ट्रांसफर लिस्ट जारी की, जिसमें राजेश शर्मा का भी नाम शामिल है।
17 जून को हुआ था एनकाउंटर
बता दें कि भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित बिलौटी गांव में 17 जून को भरत तिवारी की पुलिस एनकाउंटर में गोली लगने से मौत हो गई थी। परिवार का आरोप है कि भरत ने हथियार फेंककर सरेंडर कर दिया था, इसके बावजूद भोजपुर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के कर्मियों ने उसे गोली मार दी।
पुलिस वालों पर हत्या का केस
इसके बाद शाहपुर थाने में तत्कालीन जगदीशपुर एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा, तत्कालीन शाहपुर थानेदार राजेश मालाकार समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसकी जांच फिलहाल जारी है। एनकाउंटर के तुरंत बाद भोजपुर एसपी ने शाहपुर थानेदार राजेश मालाकार को सस्पेंड कर दिया था। वहीं, जगदीशपुर एसडीपीओ को एफआईआर दर्ज होने के बाद हटाया गया था। अब राजेश वर्मा को पटना में नई पोस्टिंग दे दी गई है।
