Voice of Eastern India

एके-47 बरामदगी मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता गिरफ्तार



मुजफ्फरपुर में हुई एके-47 बरामदगी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने हाजीपुर में एक और बड़ी कार्रवाई की है।




अधिवक्ता संदीप कुमार सिन्हा के पिता अशोक कुमार सिन्हा

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
विक्की कुमार (वैशाली):
मुजफ्फरपुर में हुई एके-47 बरामदगी के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने हाजीपुर में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता संदीप कुमार सिन्हा को देर रात गिरफ्तार कर लिया। NIA की टीम अधिवक्ता को अपने साथ दिल्ली ले गई।

जानकारी के अनुसार, NIA की टीम ने अधिवक्ता संदीप कुमार सिन्हा को केस नंबर R.C. NO-11/2024/NIA/DLI में हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के जौहरी बाजार स्थित उनके कार्यालय के पास से गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक 6 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

परिजनों ने उठाए सवाल

NIA की इस कार्रवाई पर अधिवक्ता के परिजनों ने सवाल खड़ा किया है। उनका आरोप है कि NIA जानबूझकर अधिवक्ता को फंसा रही है।

गिरफ्तार अधिवक्ता के पिता अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि इससे पहले भी NIA की टीम दो बार रेड कर चुकी है। उन्होंने कहा कि पहली रेड में घर से कुछ बरामद नहीं हुआ था, लेकिन दूसरी रेड में NIA ने प्लान कर घर के बाहर स्थित एक कमरे में रिवाल्वर रखकर बरामदगी दिखाई।

कोर्ट में चुनौती दी गई

अधिवक्ता के चचेरे भाई बाबुल कुमार सिन्हा ने बताया कि दूसरी बार NIA द्वारा की गई कार्रवाई और जप्ती सूची को पटना NIA कोर्ट में चुनौती दी गई है, जिसमें कोर्ट NIA से जवाब मांग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उसी दुर्भावना से ग्रसित होकर NIA ने उनके भाई को गिरफ्तार किया है।

लाइसेंसी गन और कैश ले गई थी टीम

अधिवक्ता के पिता ने बताया कि NIA की टीम दूसरी रेड में उनकी लाइसेंसी गन और कुछ कैश भी लेकर चली गई थी, जिसकी शिकायत NIA डीजी से लेकर प्रधानमंत्री तक से की गई है। उन्होंने आशंका जताई कि शायद यही वजह है कि NIA अधिवक्ता को परेशान कर रही है।

मामले में अब तक 6 से अधिक गिरफ्तारियां

बता दें कि यह मामला मुजफ्फरपुर से जुड़ा है, जहां एके-47 बरामदगी मामले में अब तक 6 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कल देर रात NIA ने अधिवक्ता संदीप कुमार सिन्हा को हाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद मामले में शामिल सभी आरोपियों पर शिकंजा कस दिया गया है।

 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.