न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पटना सिविल कोर्ट में खान सर के बॉडी गार्ड्स और ज्ञान बिंदु के रौशन आनंद की जमानत याचिका पर आज सुनवाई हुई। रौशन आनंद की ओर से जिला जज के यहां बेल फाइल की गई थी, जो ट्रांसफर होकर ADJ 33 के कोर्ट में गया है। आज कोर्ट में सुनवाई के दौरान विरोधी पक्ष के वकील ने बहस नहीं की, बल्कि टाइम पीटिशन देकर समय मांग लिया गया। अब रौशन आनंद की जमानत पर सोमवार को सुनवाई होगी।
वकील ने टाइम पीटिशन देकर लिया समय
वहीं, खान सर के दोनों बॉडीगार्ड्स की जमानत पर मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास अनुराग वर्मा के कोर्ट ने सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है। आज कोर्ट में सुनवाई से पहले वकील की तबियत अचानक खराब होने की वजह से टाइम पीटिशन देकर समय लिया गया है। अब दोनों मामले में अगली सुनवाई सोमवार को होगी।
रौशन आनंद की रिहाई की मांग
खान सर की कोचिंग पर हमले के मामले में जेल में बंद ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर छात्र आज तीसरी बार सड़क पर उतरे। पटना कॉलेज से कारगिल चौक तक मार्च निकालने की तैयारी कर रहे छात्रों को पुलिस ने रोक दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस तैनात रही। वाटर कैनन की गाड़ी भी मंगवाई गई। पुलिस ने छात्रों को पटना कॉलेज से आगे जाने की परमिशन नहीं दी।
