गंगा की लहरों पर वीकेंड पार्टी, मात्र इतने रुपए में क्रूज की सैर और अनलिमिटेड जायका, पटना में शुरू हुई नई सेवा
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: पटनावासियों और पर्यटकों के लिए संडे और वीकेंड का प्लान अब और भी शानदार होने जा रहा है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) ने गंगा विहार क्रूज सेवा को एक बिल्कुल नए और बेहद आकर्षक रूप में री-लॉन्च किया है। अब आप गंगा की लहरों के बीच न सिर्फ सुहाने सफर का आनंद ले सकेंगे, बल्कि स्वादिष्ट व्यंजनों का अनलिमिटेड मजा भी उठा सकेंगे।
वीकेंड पर क्रूज की सैर, बाकी दिन फ्लोटिंग रेस्टोरेंट
यह खास क्रूज सेवा हर शनिवार और रविवार को गांधी घाट से पर्यटकों के लिए उड़ान भरेगी। डेढ़ घंटे के इस सफर में लोग गंगा की खूबसूरती को करीब से देख पाएंगे। वहीं, सोमवार से शुक्रवार तक इस क्रूज को एक शानदार ‘फ्लोटिंग रेस्टोरेंट’ (तैरते हुए रेस्टोरेंट) के रूप में चलाया जाएगा, जहां लोग बेहतरीन डाइनिंग का अनुभव ले सकेंगे।
दो फ्लोर का लग्जरी सेटअप: नीचे AC डाइनिंग, ऊपर ओपन स्काई डेक
‘लेनिन डिलक्स क्रूज कंपनी’ द्वारा संचालित इस आधुनिक क्रूज में एक साथ 65 पर्यटकों के सफर करने की व्यवस्था है। क्रूज को दो हिस्सों में बांटा गया है:
-
पूरी तरह एयर कंडीशन्ड (AC) डाइनिंग एरिया है, जहां बैठकर आप आराम से खाने का आनंद ले सकते हैं।
-
खुली हवा और आसमान का मजा लेने के लिए ओपन स्काई डेक और एक शानदार डांस फ्लोर बनाया गया है।
₹899 के टिकट में अनलिमिटेड फूड और मॉकटेल
क्रूज की यह यात्रा हर वीकेंड शाम 5:00 बजे गांधी घाट से शुरू होकर शाम 6:30 बजे वापस लौटेगी। इसके लिए प्रति व्यक्ति किराया 899 रुपये तय किया गया है। सबसे खास बात यह है कि इस टिकट में ही अनलिमिटेड बुफे शामिल है। जिसमें मॉकटेल, वेज सूप, दही बड़ा, वेज सैंडविच, पाव भाजी, नूडल्स, चिकन चिली, मिल्क केक और अनलिमिटेड चाय-कॉफी।
₹4000 में बुक करें प्राइवेट AC रूम, सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम
क्रूज के मैनेजर अली के मुताबिक, इस जहाज में सुरक्षा और आधुनिकता का पूरा ख्याल रखा गया है। पूरे क्रूज की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से होगी और इसमें एक हाई-टेक पायलट रूम बनाया गया है। मनोरंजन के लिए टीवी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। प्राइवेसी और क्वालिटी टाइम बिताने के लिए क्रूज पर एक प्रीमियम AC रूम भी है, जिसे ₹4000 में बुक किया जा सकता है।
स्टार्टअप्स के लिए फ्री मीटिंग स्पेस और स्पेशल पैकेज
क्रूज पर ग्रुप पार्टी और प्राइवेट इवेंट्स के लिए स्पेशल पैकेज दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही, बिहार के DPIIT से मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए क्रूज पर मीटिंग आयोजित करने के लिए मुफ्त जगह (फ्री स्पेस) दी जाएगी। सफर के दौरान पर्यटक गंगा आरती के दर्शन, लाइव रिकॉर्डेड म्यूजिक और पटना के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक इतिहास की जानकारियों से भी रूबरू हो सकेंगे।
