न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी: इमामगंज प्रखंड के कुजेशर पंचायत अंतर्गत बगाही गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क पर रोड मार्किंग (सफेद रंग करने) का कार्य कर रहे मजदूरों को लेकर जा रही पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
रोड मार्किंग का काम करने जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, बगाही गांव के समीप सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माणाधीन सड़क पर रोड मार्किंग का कार्य करने के लिए मजदूरों और सामग्री को लेकर एक पिकअप वाहन जा रही थी। इसी दौरान सड़क के एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पर सवार मजदूर विजय कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने किया राहत व बचाव कार्य
मृतक की पहचान 21 वर्षीय विजय कुमार, पिता अहीराम कुमार साह, निवासी चक गुलामुद्दीन, थाना बेलसर, जिला वैशाली के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वह सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करता था और अन्य कर्मियों के साथ रोड मार्किंग के कार्य में लगा हुआ था। दुर्घटना में आनंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पिकअप चालक शुभम कुमार को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों का उपचार कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा इसकी सूचना पुलिस को दी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
बताया जाता है कि सड़क निर्माण कार्य का ठेका रंजीत कुमार सिंह के पास है। हादसे के बाद निर्माण कार्य से जुड़े कर्मियों में भी शोक और चिंता का माहौल देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही इमामगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इमामगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गया स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
