Voice of Eastern India

जमीन विवाद में खूनी खेल, गया में धारदार हथियार से किया सगे भाई का कत्ल


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
राहुल कुमार / शेरघाटी:
डुमरिया प्रखंड अंतर्गत बोधीबीघा थाना क्षेत्र के महूड़ी गांव में जमीन विवाद ने खून के रिश्ते को तार-तार कर दिया। संपत्ति के बंटवारे और जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में एक भाई ने अपने ही सगे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिव्यांग भाई की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जन्म से ही दिव्यांग था मृतक

मृतक की पहचान महूड़ी गांव निवासी कृष्ण भगत के रूप में हुई है। वह जन्म से दिव्यांग थे तथा उनकी कोई संतान नहीं थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके सगे भाई सूरजमल पाल ने जमीन संबंधी विवाद में उन पर जानलेवा हमला किया। घटना शनिवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है।

पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद 

जानकारी के अनुसार कृष्ण भगत और सूरजमल पाल के बीच कई दिनों से पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाइयों के पिता स्वर्गीय नथू भगत ने झारखंड में मजदूरी कर कमाए गए पैसे से डुमरिया-महादी मुख्य सड़क किनारे करीब 24 कट्ठा जमीन खरीदी थी। परिवार के बंटवारे में 16 कट्ठा जमीन कृष्ण भगत के हिस्से में आई थी, जबकि आठ कट्ठा जमीन सूरजमल पाल के हिस्से में थी।

जमीन बिकने की आशंका में हमला

परिजनों के अनुसार कृष्ण भगत अपनी बीमारी और देखभाल को लेकर भाई से सहयोग की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा था कि यदि परिवार से मदद नहीं मिली तो वह अपनी कुछ जमीन बेचकर इलाज और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करेंगे। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच तनाव बढ़ गया। आरोप है कि जमीन बिकने की आशंका से नाराज सूरजमल पाल ने धारदार हथियार से कृष्ण भगत पर हमला कर दिया।

रास्ते में ही पीड़ित ने तोड़ा दम 

हमले में कृष्ण भगत के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर बोधीबीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। हालांकि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि घायल के पास तत्काल इलाज के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने मानवीय पहल दिखाते हुए आर्थिक सहयोग किया तथा गांव के लोगों ने भी चंदा जुटाकर मदद की, लेकिन गंभीर आंतरिक चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

आरोपित की तलाश जारी 

घटना के बाद आरोपित सूरजमल पाल घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया में कराया गया। मृतक की बहनें मुन्नी देवी और चुन्नी देवी अस्पताल में मौजूद रहीं। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पुलिस अपने स्तर से भी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.