Voice of Eastern India

जमुई में दोस्त संग निकले युवक की संदिग्ध मौत पर सड़क जाम, अस्पताल के बाहर रिश्तेदार पर भी फायरिंग


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
धीरज कुमार सिंह / जमुई
: जिले के बरहट थाना क्षेत्र के नुम्मर इलाके के रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक की पहचान दीपक कुमार यादव (पिता- गोरेलाल यादव) के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित लोगों ने मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग स्थित नुम्मर चौक को करीब दो घंटे तक जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

परिवार को मिली रोड एक्सीडेंट की जानकारी

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात दीपक घर पर खाना खाने के बाद सो गया था। इसी दौरान उसका दोस्त रॉकी कार लेकर पहुंचा और तिलक समारोह में चलने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया। देर रात रॉकी ने फोन कर बताया कि दीपक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो दीपक की मौत हो चुकी थी। मृतक के चाचा मनीष यादव ने आरोप लगाया कि दीपक की हत्या की गई है। दीपक घर का इकलौता बेटा था। वह विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जांच में जुटी एफएसएल की टीम 

इधर, सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली है कि शहर के श्रद्धा हॉस्पिटल की चौथी मंजिल से गिरने के कारण युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा एफएसएल की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होगी।

अस्पताल के गेट पर युवक को मारी गोली 

इस घटना के कुछ ही देर बाद शुक्रवार देर रात सदर अस्पताल के बाहर एक और सनसनीखेज वारदात हुई। दीपक की मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंचे महिसौढ़ी निवासी सूरज कुमार को दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उसकी बायीं जांघ में लगी, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। सूरज ने बताया कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं है, हालांकि उसने तीन हमलावरों को पहचानने का दावा किया है।

खंगाले जा रहे सीसीटीवी कैमरे 

एसडीपीओ ने बताया कि रात करीब 2:45 बजे अस्पताल गेट के बाहर बैठे सूरज पर हमला किया गया। इस मामले में तीन लोगों को नामजद किया गया है। आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा सीडीआर और टावर लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.