Voice of Eastern India

जिस पर था भरोसा, उसी ने छीन ली जिंदगी!&quotसासाराम में दोस्तों ने दोस्त को गोलियों से भूना, मौके पर मौत


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

अविनाश श्रीवास्तव / रोहतास –  रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र के काजीपुरा मोहल्ले में मंगलवार रात दोस्ती का रिश्ता खूनी संघर्ष में बदल गया। लगभग 35 वर्षीय अभिषेक गोस्वामी उर्फ लुलु की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक हाल ही में एक पुराने हत्या मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। घटना शिव मंदिर के समीप रात करीब 10 बजे हुई, जहां कुछ दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अभिषेक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि मृतक के सिर में तीन से चार गोलियां मारी गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली।

हाईलाइट्स – 

  • सासाराम के काजीपुरा मोहल्ले में युवक की गोली मारकर हत्या।
  • दोस्तों के बीच हुए विवाद ने लिया खूनी रूप।
  • मृतक अभिषेक गोस्वामी उर्फ लुलु की मौके पर हुई मौत।
  • पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
  • घटनास्थल से तीन जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद।
  • पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच में जुटी पुलिस।
     

पुलिस ने संभाला मोर्चा, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही सासाराम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर डीएसपी-1 विप्लव कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और जांच की प्रगति की समीक्षा की। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और हत्या के पीछे के कारणों को स्पष्ट करने का प्रयास जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

पुरानी रंजिश की आशंका, आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा

प्रारंभिक जांच में पुलिस को दोस्तों के बीच आपसी रंजिश और पुराने विवाद की जानकारी मिली है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार करीब छह वर्ष पहले भी काजीपुरा मोहल्ले में एक चर्चित हत्या की घटना हुई थी और आशंका जताई जा रही है कि उसी पुरानी दुश्मनी की कड़ी इस वारदात से जुड़ी हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एसपी रौशन कुमार ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन जिंदा कारतूस और दो खोखे भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें – बिजली से इलाज तक राहत ही राहत: सम्राट कैबिनेट के बड़े फैसलों पर लगी मुहर

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.