Voice of Eastern India

तीन दिनों से लापता महिला का शव बरामद, वृद्धा पेंशन के काम से गई थी बाहर


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: 
राहुल कुमार /  शेरघाटी:
गया के  इमामगंज प्रखंड के बभंडी गांव में तीन दिनों से लापता एक वृद्ध महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान बभंडी गांव निवासी  कैलाश देवी (65) पति जगन रविदास के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

वृद्धा पेंशन के काम से गई थी बाहर

जानकारी के अनुसार कैलाश देवी तीन दिन पूर्व वृद्धा पेंशन से संबंधित कार्य के सिलसिले में घर से निकली थीं। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में काफी तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। लगातार तीन दिनों तक खोजबीन के बावजूद जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिवार की चिंता और बढ़ गई।
गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे गांव के एक मकान के समीप एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना ग्रामीणों को मिली। मकान मालिक ने इसकी जानकारी स्थानीय लोगों और मृतका के परिजनों को दी। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार 

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने शव की पहचान कैलाश देवी के रूप में की। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। मृतका के पति जगन रविदास ने बताया कि उनकी पत्नी लंबे समय से सांस फूलने और चक्कर आने की बीमारी से पीड़ित थीं। कई बार अचानक उनकी तबीयत बिगड़ जाती थी। उन्होंने बताया कि परिवार के लोगों ने उनकी हरसंभव तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इधर, सूचना मिलने पर इमामगंज थाना की पुलिस प्रभारी थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.