न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अभिषेक राज / गया जी: गया जिले के मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल) में छात्रों के आंदोलन के कारण लगातार तीसरे दिन भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। अस्पताल की ओपीडी सेवा पूरी तरह बंद रही, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
समस्या समाधान की कोशिश जारी
अस्पताल के कार्यकारी अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2023, 2024 और 2025 बैच के मेडिकल छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर निबंधन (रजिस्ट्रेशन) काउंटर बंद कर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके कारण पिछले तीन दिनों से ओपीडी सेवा बाधित है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन और कॉलेज प्राचार्य की ओर से लगातार छात्रों से बातचीत कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। इन प्रयासों के बाद आकस्मिक (इमरजेंसी) सेवाएं फिर से शुरू करा दी गई हैं, लेकिन ओपीडी सेवा अभी तक बहाल नहीं हो सकी है।
छात्रों की मांगें
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि छात्रों की कई मांगें हैं, जिनमें सबसे प्रमुख मांग हॉस्टल और आवासीय सुविधा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रावास और कॉलेज से जुड़े मामलों का दायित्व कॉलेज प्रशासन एवं प्राचार्य के अधीन आता है, जबकि अस्पताल प्रशासन अपने स्तर से स्थिति सामान्य करने की कोशिश कर रहा है। अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग और उच्च अधिकारियों को दे दी गई है तथा छात्रों के साथ वार्ता जारी है। प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही समाधान निकल जाएगा और ओपीडी सेवाएं पुनः शुरू हो सकेंगी।
