Voice of Eastern India

दहेज प्रताड़ना के बीच विवाहिता की संदिग्ध मौत, घर में पलंग पर मिला शव, ससुराल पक्ष फरार, जांच जारी


 न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

विष्णु गुप्ता / सुपौल –   सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनबंधी पंचायत के वार्ड संख्या 3 में गुरुवार को 25 वर्षीय विवाहिता शाहिदा अंजुम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव ससुराल के घर में पलंग पर पड़ा मिला, जबकि कमरे में एक दुपट्टा छत की धरण से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार और इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया। प्रारंभिक स्थिति में घर का दरवाजा खुला मिला और ससुराल पक्ष के सभी लोग मौके से फरार पाए गए, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया।

हाईलाइट्स – 

  • सुपौल के भीमनगर थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत से हड़कंप
  • 25 वर्षीय शाहिदा अंजुम का शव घर के पलंग पर मिला
  • कमरे में दुपट्टा छत की धरण से लटका हुआ पाया गया
  • परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया
  • शादी के बाद से लगातार प्रताड़ना और हिंसा के आरोप सामने आए
  • ससुराल पक्ष घटना के बाद से फरार, पुलिस जांच में जुटी

पारिवारिक विवाद और पूर्व में मारपीट के आरोप

मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शादी वर्ष 2021 में दीनबंधी पंचायत निवासी अमरुल कैश के साथ हुई थी और तभी से दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, पहले भी शाहिदा के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं, जिसमें उसका हाथ टूट गया था और उसे स्टील रॉड लगवानी पड़ी थी। बुधवार की शाम ननद की शादी के दौरान रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि शाहिदा ने कपड़े न होने की बात कहकर रंग लगाने से मना किया, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ जबरन रंग लगाया गया और बाद में विवाद बढ़ गया।

पुलिस जांच और फरार ससुराल पक्ष की तलाश

परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद घर के अंदर शाहिदा के साथ सास, ससुर और पति द्वारा मारपीट की गई। इसके अगले ही दिन गुरुवार को उसकी संदिग्ध मौत की सूचना मिली। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य फरार हैं, जिससे पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर आक्रोश और सनसनी का माहौल बना हुआ है ।

इसे भी पढ़ें – प्रेमी-प्रेमिका घर से हुए फरार, सुबह खुला 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत का राज, पूरी स्टोरी क्राइम से लेकर ट्वीस्ट तक !

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.