Voice of Eastern India

दुबई से आया… ससुराल में ठहरा और हसुआ से रेत डाला पत्नी का गला! मुजफ्फरपुर में सनसनीखेज हत्याकांड


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : राजेपुर थाना क्षेत्र के राजेपुर नवादा गांव में सोमवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक कलयुगी पति ने अपनी ही पत्नी की हसुआ से गर्दन रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति अपने दो वर्षीय मासूम बच्चे को साथ लेकर फरार है। मृतका की पहचान राजेपुर नवादा गांव निवासी राजेंद्र भगत की पुत्री रिंकू देवी (26) के रूप में की गई है। 

कुछ दिन पहले विदेश से लौटा था

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका का पति मनोज कुमार पूर्व में दुबई में रहता था। कुछ समय पहले ही वह विदेश से वापस लौटा था। जिसके बाद से वह पिछले कई दिनों से अपने ससुराल राजेपुर नवादा गांव में ही रह रहा था। जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से अनबन चल रही थी। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पति ने अवैध संबंध के शक में इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया है। जानकारी मिली है कि, सोमवार की सुबह जब घर के अन्य लोग सो रहे थे, तभी आरोपी ने फसल काटने वाले तेज धारदार हसुआ से रिंकू की गर्दन रेत दी, जिससे मौके पर ही उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

जांच में जुटी पुलिस और एफएसएल की टीम 

घटना की जानकारी मिलते ही राजेपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हंसुआ बरामद किया गया है। मृतका के पिता राजेंद्र भगत के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद से ही आरोपी पति अपने बच्चे के साथ मौके से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए मोबाइल लोकेशन को ट्रेस कर रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.