पवन कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
छपरा/डेस्क: सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र में रविवार को धान की बुवाई के दौरान आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई. अलग-अलग गांवों में हुई तीन घटनाओं में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका इलाज जारी है. लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
पहली घटना सम्हौता गांव की है, जहां धान की बुवाई कर रहे 14 वर्षीय रोहित कुमार, पिता चंद्रदीप प्रसाद, पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई. हादसे में रोहित की मौके पर ही मौत हो गई. वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
दूसरी घटना कोपा उत्तर टोला की है, जहां धान की बुवाई के दौरान 35 वर्षीय ओमप्रकाश मांझी पर आकाशीय बिजली गिर गई. उनकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. मौके पर गिरिधर सोनी, समाजसेवी हरिन्द्र कुमार और नीरज ठाकुर सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे.
वहीं तीसरी घटना टड़वा गांव में हुई, जहां धान की बुवाई करवा रहे अवधेश सिंह पर आकाशीय बिजली का तेज झटका लगा. परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों में जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें- नवादा में 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई, छह वर्षों से फरार आरोपी का घर कुर्क
