Voice of Eastern India

नीट अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, रेलवे चलाएगा 6 परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, पेपर लीक और सॉल्वर गैंग पर नकेल के लिए EOU अलर्ट


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट’ (NEET) में शामिल होने वाले देश और सूबे के लाखों छात्रों के सफर को आसान बनाने के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने कमर कस ली है. दानापुर रेल मंडल ने परीक्षार्थियों की भारी भीड़ और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए 21 जून को छह विशेष ‘परीक्षा स्पेशल’ ट्रेनें (Exam Special Trains) चलाने का ऐलान किया है. रेलवे के इस कदम का मुख्य उद्देश्य परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को बिना किसी परेशानी के सुरक्षित और सुगम सफर मुहैया कराना है.

रेलवे प्रशासन के अनुसार, एग्जाम के दिन स्टेशनों पर होने वाली अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और छात्रों को समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए इन रूटों का चयन किया गया है.

इन रूट्स पर चलेंगी गाड़ियां, यहाँ देखें पूरा शेड्यूल

रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के मुताबिक, परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन प्रमुख शहरों के बीच किया जाएगा, जिसमें पटना, बक्सर, दानापुर, जसीडीह और गयाजी जैसे बड़े स्टेशन शामिल हैं:

  • पटना से दरभंगा: पहली स्पेशल ट्रेन 21 जून को तड़के सुबह 4:30 बजे पटना जंक्शन से खुलकर सुबह 9:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी.

  • बक्सर से पटना: दूसरी ट्रेन सुबह 6:30 बजे बक्सर से प्रस्थान करेगी और सुबह 9:15 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी.

  • पटना से बक्सर (वापसी): तीसरी ट्रेन शाम 6:20 बजे पटना से रवाना होकर रात 9:05 बजे बक्सर पहुंचेगी.

  • जसीडीह से दानापुर: चौथी गाड़ी तड़के सुबह 3:40 बजे जसीडीह से खुलेगी और सुबह 9:00 बजे दानापुर पहुंचेगी.

  • दानापुर से जसीडीह (वापसी): पांचवीं ट्रेन शाम 6:15 बजे दानापुर से चलकर रात 11:00 बजे जसीडीह वापस पहुंचेगी.

  • पटना से गया: छठी स्पेशल ट्रेन सुबह 6:00 बजे पटना जंक्शन से रवाना होकर सुबह 9:00 बजे गयाजी पहुंचेगी.

सुरक्षा चक्रव्यूह तैयार: गड़बड़ी रोकने के लिए EOU का कड़ा पहरा

एक तरफ जहां रेलवे छात्रों के सफर को आसान बना रहा है, वहीं दूसरी तरफ परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त बनाने के लिए बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है. ईओयू ने परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की धांधली को रोकने के लिए एक ‘विशेष निगरानी सेल’ (Special Monitoring Cell) का गठन किया है.

जांच एजेंसी के मुताबिक, राज्य के ऐसे 135 शातिर संदिग्धों की सूची तैयार कर उन पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जा रही है, जो पूर्व में प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा, पेपर लीक, स्कॉलर या सॉल्वर गैंग बैठाने और दूसरी अवैध गतिविधियों में शामिल रहे हैं.

साइबर ठगों से रहें सावधान, ईओयू ने जारी की पब्लिक एडवाइजरी

परीक्षा के मद्देनजर आर्थिक अपराध इकाई ने छात्रों, अभिभावकों और माता-पिता के लिए एक बेहद जरूरी जनहित चेतावनी (Public Advisory) जारी की है. ईओयू ने आगाह किया है कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले तत्वों और ठगों से दूरी बनाकर रखें.

एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि कुछ साइबर अपराधी और असामाजिक तत्व परीक्षा पास कराने, मोटी रकम के बदले फर्जी प्रश्न पत्र या आंसर-की (Answer Key) उपलब्ध कराने का झांसा दे सकते हैं. ऐसे किसी भी फर्जी फोन कॉल, मैसेज, ईमेल या सोशल मीडिया पोस्ट के बहकावे में न आएं और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें.

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.