Voice of Eastern India

न दफ्तर का चक्कर, न लंबा इंतजार; सहयोग शिविर में मौके पर मिला समाधान, 87 में से 83 आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

राहुल कुमार / शेरघाटी –  बिहार सरकार के निर्देशानुसार आयोजित “सहयोग शिविर” के तहत सोमवार को शेरघाटी प्रखंड की चिताबकला पंचायत सरकार भवन में द्वितीय सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों का मौके पर निष्पादन किया। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) विपिन कुमार, बीडीओ स्नेहिल आनंद, अंचलाधिकारी उषा कुमारी समेत कई विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श भी दिया। अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासन को गांव तक पहुंचाना और आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

हाईलाइट्स – 

  •  चिताबकला पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में कुल 87 आवेदन प्राप्त हुए।
  •  83 आवेदनों का मौके पर निष्पादन, केवल 4 आवेदन प्रक्रियाधीन।
  •  राजस्व, मनरेगा, पेंशन, आवास और शौचालय भुगतान से जुड़े मामलों का समाधान।
  •  अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर लाभुकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
  •  अगला सहयोग शिविर 16 जून को ढाब चिरैया पंचायत सरकार भवन में आयोजित होगा।

राजस्व, मनरेगा और पेंशन से जुड़े अधिकांश मामलों का निपटारा

शिविर में कुल 87 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 83 का सकारात्मक निष्पादन कर दिया गया। प्राप्त आवेदनों में राजस्व विभाग से संबंधित 50 आवेदन शामिल थे, जिनमें 49 का निष्पादन कर दिया गया जबकि एक आवेदन प्रक्रिया में है। मनरेगा से जुड़े 16 आवेदन प्राप्त हुए और सभी का समाधान कर दिया गया। पेंशन योजना से संबंधित 13 आवेदनों में 11 का निष्पादन हुआ तथा दो आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। इसके अलावा लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत शौचालय निर्माण भुगतान से जुड़े दोनों आवेदनों का निपटारा किया गया। आवास योजना के चारों आवेदनों का समाधान भी मौके पर किया गया। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े दो आवेदनों में एक का निष्पादन हुआ जबकि एक आवेदन पर कार्रवाई जारी है। शिविर में लाभुकों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

हर पंचायत तक पहुंचेगी सेवा, 16 जून को ढाब चिरैया में अगला शिविर

शिविर को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों में चक्रानुक्रम के आधार पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर अधिकारियों की मौजूदगी से समस्याओं का समाधान पहले की तुलना में अधिक तेजी से हो रहा है। प्रशासन ने बताया कि चिताबकला पंचायत में आयोजित शिविर की सफलता के बाद अगला सहयोग शिविर 16 जून को ढाब चिरैया पंचायत सरकार भवन में लगाया जाएगा, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी और लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें – मतदान केंद्र बना रणक्षेत्र! पैक्स चुनाव के दौरान मारपीट, तीन लोग जख्मी

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.