न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: पटना के आम प्रेमियों के लिए यह वीकेंड बेहद खास होने जा रहा है। शहर में दो दिवसीय ‘ग्रैंड मैंगो फेस्टिवल’ का आयोजन होने जा रहा है, जहां देश-विदेश की आमों की दुर्लभ वैरायटी एक ही छत के नीचे देखने को मिलेंगी। बिहार नर्सरीमेन एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस भव्य महोत्सव की शुरुआत 13 जून को होगी, जिसका उद्घाटन सूबे के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। इस मौके पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अंजनी कुमार सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
आशियाना-दीघा रोड पर सजेगा मेला, मियाजाकी होगा मुख्य आकर्षण
यह दो दिवसीय आम महोत्सव आशियाना-दीघा रोड पर स्थित ‘बधाई बैंक्वेट हॉल’ में आयोजित किया जा रहा है। इस बार मेले का सबसे बड़ा केंद्र बिंदु दुनिया का सबसे कीमती माना जाने वाला जापानी आम ‘मियाजाकी’ होगा। दिलचस्प बात यह है कि सोशल मीडिया पर लाखों रुपये किलो तक वायरल होने वाला यह खास आम इस फेस्टिवल में पर्यटकों के लिए मात्र 3,000 रुपये प्रति किलो की विशेष कीमत पर उपलब्ध रहेगा।
रेड आइवरी से लेकर सिंधु सीडलेस तक: दिखेंगी 100 से ज्यादा किस्में
इस मैंगो फेस्टिवल में सिर्फ मियाजाकी ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया की 100 से अधिक प्रीमियम और दुर्लभ प्रजातियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
-
रेड आइवरी, R2E2, बारी-4, कैटिमोन और सेंसेशन।
-
सिंधु सीडलेस (बिना गुठली वाला आम), अल्फांसो, जर्दालू, गुलाबखास और बिहार का पसंदीदा लंगड़ा मालदह।
सिर्फ देखना ही नहीं, आम चखने और पौधे खरीदने का भी मिलेगा मौका
एसोसिएशन के अध्यक्ष एके मणि के अनुसार, इस महोत्सव में आने वाले लोगों के लिए एक स्पेशल ‘मैंगो टेस्टिंग सेशन’ (आम चखने का सत्र) रखा गया है, जहां लोग अलग-अलग वैरायटी के स्वाद का मजा ले सकेंगे। इसके अलावा, लोग सीधे किसानों और नर्सरी मालिकों से सीधे तौर पर वाजिब दामों में अपनी पसंद के आम और उनके फलदार पौधे खरीद सकते हैं। इस पूरे आयोजन के मैनेजमेंट की कमान ‘ग्रीन शेल्टर नर्सरी’ संभाल रही है, जबकि ‘ग्रीन जिंजर’ इसका फूड पार्टनर है।
एक्सपर्ट्स देंगे बागवानी के टिप्स, बच्चों के लिए होंगी प्रतियोगिताएं
यह महोत्सव सिर्फ स्वाद तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं और किसानों के लिए सीखने का एक बड़ा जरिया भी बनेगा। परिसर में एक ‘तकनीकी मार्गदर्शन केंद्र’ बनाया जा रहा है, जहां देश के जाने-माने कृषि वैज्ञानिक और बागवानी विशेषज्ञ आम के पौधों की सुरक्षा, बीमारियों से बचाव और इसके कमर्शियल बिजनेस से जुड़े गुर सिखाएंगे। साथ ही, बच्चों के मनोरंजन के लिए मैंगो क्विज और पेंटिंग कॉम्पिटिशन भी आयोजित किए जाएंगे।
