न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: पटना की सड़कों को जाम से मुक्ति दिलाने और फुटपाथी दुकानदारों (स्ट्रीट वेंडर्स) को सम्मानजनक रोजगार देने के लिए नगर निगम ने एक मेगा प्लान तैयार किया है। शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने की कवायद के तहत पटना के अलग-अलग इलाकों में 31 आधुनिक वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। इस पूरी योजना पर करीब 124.4 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। राहत की बात यह है कि निगम ने इनमें से 19 वेंडिंग जोन के लिए लगभग 760.81 डिसमिल जमीन भी फाइनल कर ली है।
बहुमंजिला इमारतों में सजेंगी दुकानें, बेहद कम किराए पर मिलेगी जगह
नगर निगम के इस मास्टर प्लान के तहत बनने वाले हर वेंडिंग जोन में 200 से लेकर 235 तक दुकानें होंगी। खास बात यह है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में ‘G+1’ (दो मंजिला) और ‘G+2’ (तीन मंजिला) कॉम्पलेक्स तैयार किए जाएंगे। इस पहल से शहर के करीब 4400 रजिस्टर्ड दुकानदारों को बेहद रियायती और कम दरों पर अपनी दुकान चलाने के लिए पक्की जगह मिल सकेगी, जिससे उनकी रोजी-रोटी सुरक्षित होगी।
4 विभागों के तालमेल से प्रोजेक्ट को मिली हरी झंडी
इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए जमीन जुटाना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे निगम ने सुलझा लिया है। चिह्नित की गई जमीनों में से 9 प्लॉट खुद नगर निगम के हैं। वहीं, बाकी 10 जगहों के लिए पथ निर्माण विभाग (RCD), सिंचाई विभाग और भवन निर्माण विभाग ने अपनी जमीनों पर वेंडिंग जोन बनाने की एनओसी (स्वीकृति) दे दी है।
जानिए आपके इलाके में कहां-कहां बनेंगे ये वेंडिंग जोन:
-
नूतन राजधानी अंचल (बजट: ₹61.69 करोड़): यहां सबसे ज्यादा 8 वेंडिंग जोन बनेंगे। इनमें शेखपुरा रैन बसेरा, अमला टोला, पंच मंदिर, इको पार्क (DPS के पास), चित्रगुप्त समाज मंदिर, साकेत नगर, बेऊर मोड़ और पटना जंक्शन मल्टीलेवल पार्किंग के पीछे आधुनिक परिसर बनाए जाएंगे।
-
पाटलिपुत्र अंचल (बजट: ₹24.29 करोड़): इस इलाके में 4 वेंडिंग जोन तय हुए हैं। इनमें मछली मार्केट के पास RCD की जमीन, वार्ड 20 में सब्जी मार्केट के पास, वार्ड 8 में BMSICIL के सामने और दीघा पोस्ट ऑफिस के पास सूर्य मंदिर के समीप G+1 परिसर बनेंगे।
-
बांकीपुर अंचल (बजट: ₹18.82 करोड़): मैकडोवेल गोलंबर, खेतान मार्केट के सामने बिरला मंदिर रोड में G+1 और मुसल्लहपुर हाट (वार्ड 50) के पास एक बड़ा G+2 भवन तैयार होगा।
-
अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल: अजीमाबाद में ₹15.54 करोड़ की लागत से गांधी सेतु के नीचे, गायघाट और मीना बाजार में तीन मंजिला (G+2) वेंडिंग जोन बनेंगे। वहीं, पटना सिटी के सती चौराहा गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ पर ₹4.11 करोड़ से G+1 कॉम्प्लेक्स बनेगा।
म्यूनिसिपल बॉन्ड से जुटेगा फंड, SEBI से मिली मंजूरी
इस पूरे प्रोजेक्ट को रफ्तार देने के लिए पैसों की कमी आड़े नहीं आएगी। पटना नगर निगम बहुत जल्द ₹200 करोड़ का म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने जा रहा है, जिसे बाजार नियामक सेबी (SEBI) से मंजूरी मिल चुकी है। इसी बॉन्ड के पैसे से वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा।
वेंडर्स का पुराना इंतजार होगा खत्म
निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, पटना में इस वक्त कुल 20,862 फुटपाथी दुकानदार रजिस्टर्ड हैं। हालांकि, पिछले 10 सालों से नए वेंडर कार्ड जारी नहीं होने के कारण इन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन इस नई व्यवस्था के शुरू होने से हजारों दुकानदारों को पुलिस और प्रशासन के हटाने के डर से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
