Voice of Eastern India

पटना के बाद अब मुंगेर-भागलपुर की बारी, 83 KM लंबा मरीन ड्राइव बदलेगा क्षेत्र की सूरत


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार की राजधानी पटना के मरीन ड्राइव (गंगा पथ) की तर्ज पर अब मुंगेर और भागलपुर के लोगों को भी एक शानदार सौगात मिलने जा रही है। गंगा नदी के किनारे बनने वाला यह नया मरीन ड्राइव न सिर्फ इस इलाके के लिए एक बेहतरीन टूरिस्ट स्पॉट बनेगा, बल्कि विकास को एक नई रफ्तार भी देगा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा करते हुए कहा कि आगामी तीन वर्षों के भीतर भागलपुर से मुंगेर तक मरीन ड्राइव बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा।

दो हिस्सों में बनेगा 83 किलोमीटर का सफर, जानें पूरा रूट मैप

मुंगेर से भागलपुर (सबौर) तक बनने वाले इस शानदार मरीन ड्राइव की कुल लंबाई लगभग 83.33 किलोमीटर होगी। इस पूरी परियोजना को दो मुख्य कॉरिडोर में बांटा गया है:

  • यह मुंगेर के सफियाबाद से शुरू होकर सुल्तानगंज तक जाएगा, जिसकी कुल लंबाई करीब 42 किलोमीटर होगी।

  • यह सुल्तानगंज से शुरू होकर भागलपुर शहर के रास्ते सबौर तक पहुंचेगा। इसकी लंबाई 41.33 किलोमीटर तय की गई है।

एलिवेटेड फ्लाइओवर और बेहतरीन सड़कों का जाल, ₹5,327 करोड़ होंगे खर्च

यह मरीन ड्राइव आधुनिक इंजीनियरिंग का एक बेहतरीन नमूना होगा, जिसमें जमीन पर सड़क (एट-ग्रेड) के साथ-साथ हवा में तैरते शानदार एलिवेटेड फ्लाइओवर भी देखने को मिलेंगे।

मुंगेर-सुल्तानगंज कॉरिडोर में लगभग 30.12 किलोमीटर सड़क जमीन पर और 11.88 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड होगा। वहीं, सुल्तानगंज-सबौर मार्ग में 30.77 किलोमीटर जमीन पर और 10.56 किलोमीटर एलिवेटेड फ्लाइओवर बनाया जाएगा। मुंगेर-सुल्तानगंज गंगा पथ के निर्माण पर करीब 5,327 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि खर्च की जाएगी। इसे ‘हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल’ पर तैयार किया जा रहा है, जिसमें 40% खर्च सरकार उठाएगी और 60% निवेश प्राइवेट डेवलपर करेंगे। इसके साथ ही इस रूट में आने वाले 34 गंगा घाटों का भी कायाकल्प कर उन्हें बेहद आधुनिक रूप दिया जाएगा।

विक्रमशिला’ के नाम से बसेगी 22 हजार एकड़ की नई टाउनशिप

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केवल मरीन ड्राइव ही नहीं, बल्कि इस इलाके के लिए एक और बड़ा सरप्राइज दिया है। उन्होंने बताया कि भागलपुर के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए 22 हजार एकड़ भूमि पर ‘विक्रमशिला’ के नाम से एक बेहद आधुनिक और नया टाउनशिप बसाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी साझा किया कि बिहार में कुल 12 नए टाउनशिप विकसित करने की योजना है। इसके तहत सहरसा में ‘कोसी टाउनशिप’, दरभंगा में ‘मिथिला टाउनशिप’ और सीतामढ़ी में ‘मां सीता टाउनशिप’ का निर्माण किया जाएगा। राजनीतिक मंच से बोलते हुए उन्होंने बिहार को देश का सबसे बड़ा बाजार बताया और आगामी समय में पड़ोसी राज्य झारखंड में भी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा ठोका।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.