न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पूजा शर्मा / पटना : पटना में आज सुबह ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत सुबह 10:30 बजे जेपी गोलंबर से हुई। यात्रा में मुख्यमंत्री सम्राट भी शामिल हुए। वो हाथों में तिरंगा लेकर जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक 1.5 किलोमीटर पैदल चले।
तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पहले सीएम सम्राट चौधरी गांधी मैदान में बापू की मूर्ति पर माल्यार्पण करने पहुंचे। उनके साथ मंत्री दिलीप जायसवाल और मिथिलेश तिवारी मौजूद थे।
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आज पटना में मुख्य तिरंगा यात्रा के बाद 14 अगस्त तक सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।
तिरंगा यात्रा को देखते हुए आज सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा और बुद्धमार्ग से जुड़े कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। हालांकि, आपातकालीन सेवा वाले वाहनों को इस रोक से बाहर रखा गया है।
पटना जंक्शन की ओर से आने वाले वाहनों को डाकबंगला चौराहे से पूरब की ओर मोड़कर भट्टाचार्या चौक और पीरमुहानी होते हुए नाला रोड की तरफ भेजा गया। वहीं, एग्जीबिशन रोड की ओर आने वाले वाहनों को बिग बाजार के पास कटिंग से वापस भट्टाचार्या चौक की ओर डायवर्ट किया गया है।
