बिहार विधान परिषद की 8 सीटों में से 4 शिक्षक निर्वाचन सीट पर रिजल्ट आ गए है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों में से 4 शिक्षक निर्वाचन सीट पर रिजल्ट आ गए है। पटना शिक्षक सीट से 30 साल बाद बीजेपी के नवल किशोर हार गए हैं। राजद के डॉ. संजीव ने 1057 वोटों से जीत दर्ज की है। वहीं स्नातक सीट से नीरज की जीत तय है।
इसके अलावा तिरहुत शिक्षक सीट से बीजेपी के नरेन्द्र सिंह 600 वोटों से जीते। सारण शिक्षक सीट से बीजेपी के बागी और निर्दलीय राहुल राज ने 1815 वोट से जीत दर्ज की है। दरभंगा में जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की है। तिरहुत स्नातक सीट से वंशीधर लगातार आगे चल रहे हैं।
बता दें कि चार स्नातक और चार शिक्षक सीट पर 23 अक्टूबर को हुए चुनाव में कुल 150 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है।
जीत का सर्टिफिकेट लेकर बाहर निकले राजद उम्मीदवार
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना समाप्त होने के बाद राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव की जीत की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव को हराकर इस सीट पर जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही भाजपा के तीन दशक पुराने दबदबे को बड़ा झटका लगा है।
जीत का प्रमाणपत्र लेकर बाहर निकले डॉ. संजीव ने शिक्षकों के हित में काम करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए नई पहल करने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए एक नई क्रांति लाने की दिशा में काम किया जाएगा।
डॉ. संजीव ने कहा कि शिक्षकों के सातवें वेतनमान, वित्त रहित शिक्षकों की समस्याओं और शिक्षक समुदाय से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों के अधिकारों और उनकी मांगों को मजबूती से उठाया जाएगा।
अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए डॉ. संजीव ने राजद नेतृत्व और पार्टी की पूरी टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत टीमवर्क और सभी के सहयोग का परिणाम है.!
