Voice of Eastern India

पति ने दिए दर्द, बहनोई के भाई ने दिया प्यार… थाने के मंदिर में चढ़ी प्रेम कहानी की डोली


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

पश्चिमी चम्पारण / नरकटियागंज –  पश्चिमी चंपारण जिले के नरकटियागंज स्थित शिकारपुर थाना परिसर सोमवार को एक अनोखी शादी का गवाह बना। यहां पारिवारिक सहमति और पुलिस की मौजूदगी में एक प्रेमी युगल ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कर नई जिंदगी की शुरुआत की। रामपुर निवासी जनक राम के 21 वर्षीय पुत्र किशन कुमार और महेशपुर निवासी महेंद्र राम की 20 वर्षीय पुत्री सविता कुमारी लंबे समय से एक-दूसरे को पसंद करते थे। जानकारी के अनुसार सविता की पहले फुलवरिया गांव निवासी गोलू राम से शादी हुई थी, लेकिन वैवाहिक जीवन सुखद नहीं रहा। पति द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने और मारपीट से परेशान होकर वह अपने ससुराल से अलग रह रही थी। इसी दौरान उसने अपनी पीड़ा किशन कुमार से साझा की, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम में बदल गया।

हाईलाइट्स –

  •  पति की प्रताड़ना से परेशान महिला ने बहनोई के भाई से रचाई शादी।
  •  शिकारपुर थाना परिसर के शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ विवाह।
  •  दोनों परिवारों की सहमति और पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुई शादी। 
  •  नवदंपती को परिजनों, स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने दी शुभकामनाएं।
  •  पंचायत समिति सदस्य कृपा साह ने आर्थिक सहयोग देकर आशीर्वाद दिया।
     

पारिवारिक रिश्ते ने बढ़ाया भरोसा, दोनों परिवारों ने दी सहमति

इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि किशन कुमार के बड़े भाई विजय राम की शादी सविता की बड़ी बहन शोभा देवी से हुई है। इस कारण दोनों परिवार पहले से ही एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते और समझते थे। जब किशन और सविता ने शादी करने की इच्छा जताई तो दोनों पक्षों के परिजनों ने मामले पर विचार किया। लड़की की परिस्थितियों और दोनों की आपसी सहमति को देखते हुए परिवारों ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया। इसके बाद विवाह को सामाजिक और पारिवारिक मान्यता देने के लिए शिकारपुर थाना परिसर में शादी कराने का निर्णय लिया गया। परिवार के लोगों ने कहा कि दोनों बालिग हैं और अपनी इच्छा से जीवनसाथी चुन रहे हैं, इसलिए उनके फैसले का सम्मान किया गया।

थाना परिसर के शिव मंदिर में संपन्न हुआ विवाह, पुलिस ने भी निभाई अहम भूमिका

शिकारपुर थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में पुलिस पदाधिकारियों, परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में विवाह समारोह संपन्न कराया गया। विवाह के दौरान सैकड़ों लोग मौजूद रहे और पूरे आयोजन को देखने के लिए उत्सुकता दिखाई। पुलिस अधिकारियों की देखरेख में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार वर-वधू ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। शादी के बाद उपस्थित लोगों ने नवदंपती को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। पंचायत समिति सदस्य कृपा साह ने आर्थिक सहयोग प्रदान कर वर-वधू को आशीर्वाद दिया। वहीं पुलिस पदाधिकारियों ने मिठाई मंगवाकर दोनों परिवारों का मुंह मीठा कराया। इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है और लोग इसे आपसी सहमति, सामाजिक समझदारी और पारिवारिक समर्थन का उदाहरण बता रहे हैं।

इसे भी पढ़ें – बिहार में औद्योगिक क्रांति की तैयारी, निवेश-रोजगार बढ़ाने के लिए सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा एक्शन प्लान

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.