बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) के निधन से राजनीतिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
पूजा शर्मा/पटना: बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) के निधन से राजनीतिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर है। शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी पटना स्थित उनके आवास अन्नपूर्णा आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दोनों नेताओं ने आरके सिन्हा के बेटे और बीजेपी नेता ऋतुराज सिन्हा से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
CM और डिप्टी CM ने दी श्रद्धांजलि
आरके सिन्हा को अंतिम विदाई देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी उनके आवास पहुंचे। दोनों नेताओं ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनके बेटे ऋतुराज सिन्हा से बातचीत की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इससे पहले बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, सांसद रविशंकर प्रसाद समेत कई राजनीतिक हस्तियां भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचीं।
आज दीघा घाट पर होगा अंतिम संस्कार
बीजेपी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे डॉ. आरके सिन्हा का अंतिम संस्कार शनिवार को पटना के दीघा घाट पर किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन और विदाई के लिए बड़ी संख्या में राजनीतिक नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों के पहुंचने की संभावना है।
SIS ग्रुप के संस्थापक थे आरके सिन्हा
डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा ने शुक्रवार को नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वे राजनीति के साथ-साथ कारोबारी जगत में भी एक बड़ी पहचान रखते थे। उन्होंने SIS ग्रुप की स्थापना की थी और इसके चेयरमैन के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
आरके सिन्हा ने राज्यसभा सांसद के तौर पर भी देश और बिहार का प्रतिनिधित्व किया। बीजेपी के शुरुआती दौर से जुड़े रहने के कारण पार्टी संगठन में उनका विशेष योगदान माना जाता था।
