न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार में भीषण गर्मी का कहर अब भी जारी है। उमस भरी गर्मी की वजह से लोग दिन-रात परेशान हैं। हालांकि, आज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 18 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 60 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
कब एक्टिव होगा मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 से 72 घंटे में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। बिहार में मानसून की औपचारिक एंट्री हो गई है, लेकिन मानसूनी सिस्टम अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है। बंगाल की खाड़ी से कम दबाब का क्षेत्र कमजोर है, जिससे नमी नहीं पहुंच रही है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन भी प्रदेश के सभी हिस्सों पर एक्टिव नहीं है। इसके कारण कुछ जिलों में बारिश हो रही है, जबकि कई क्षेत्रों में तेज धूप और उमस बनी हुई है।
पटना में बारिश हुई तो 4 डिग्री तक गिरेगा पारा
पटना में आज मौसम बदलने के आसार हैं। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और बारिश होने की संभावना है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। अगर पटना में बारिश होती है तो अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
तापमान में होगी 3-5 डिग्री की गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून जब पूरे राज्य में सक्रिय हो जाएगा, तब जिलों में बारिश होगी। लगातार बारिश होने से अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है।जून के अंतिम सप्ताह तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
