Voice of Eastern India

बिहार में नौकरी ही नौकरी, 26 हजार कॉलेज शिक्षक और कर्मचारियों की होगी नियुक्ति


न्यूज 11 भारत /  पटना डेस्क :  बिहार में 26 हजार कॉलेज शिक्षकों और कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत करीब  6600 व्याख्याताओं और 11 हजार से अधिक गैर शैक्षणिक कर्मियों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा नए खुलने वाले 211 डिग्री कॉलेजों में भी लगभग 9300 पदों पर नियुक्ति होगी। इनमें शिक्षकों के अलावा गैर शैक्षणिक पद शामिल हैं। उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, रिक्तियों की पहचान कर ली गयी है। अब सूबे में बड़े पैमाने पर कॉलेज शिक्षकों और गैर शैक्षणिक कर्मियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। सरकार का लक्ष्य इस साल के अंत तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर लेने की है।

13 विश्वविद्यालयों में होगी नियुक्ति 

राज्य के 13 विश्वविद्यालयों में इन कॉलेज शिक्षकों और कर्मियों की नियुक्ति की जानी है। यहां इस समय आधे से अधिक पद रिक्त पड़े हैं। कॉलेज शिक्षकों के 55 फीसदी पद, जबकि गैर शैक्षणिक कर्मियों के 60 फीसदी से अधिक पद रिक्त हैं। लंबे समय से नियुक्ति नहीं होने के कारण रिक्तियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हर हाल में इसमें इजाफा हो जाता है। नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के लिए कई बार प्रयास किए गए। कार्ययोजना बनी, लेकिन किसी न किसी कारण से मामला अटक जाता है।

क्या है समस्याएं

कॉलेजों में शिक्षकों के नहीं रहने से एक ओर जहां पढ़ाई बुरी तरह बाधित है, वहीं समय पर कोर्स पूरा नहीं होने से सत्र में अनावश्यक रूप से काफी पीछे चल रहा है। कई जगहों पर तो शैक्षणिक सत्र साल से अधिक पीछे जा चुका है। इसके कारण नयी तरह की समस्या पैदा हो रही है। बच्चों की परीक्षा समय पर नहीं होने से परीक्षा परिणाम भी समय पर नहीं आ पाता है, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा के लिए बाहर के कॉलेजों या विश्वविद्यालयों में प्रवेश नहीं मिल पाता है। रिजल्ट नहीं आने से कई बार प्रतियोगिता परीक्षा के लिए भी बच्चे फार्म नहीं भर पाते हैं। इसमें बीपीएससी, एसएससी समेत राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता परीक्षाएं शामिल हैं।

क्या बोले मंत्री?

उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता में उच्च शैक्षणिक संस्थानों में निर्बाध अध्ययन को सुनिश्चित करना है। सरकार का प्रयास है कि इनके रिक्त पदों पर नियुक्ति हो। हम इसके लिए हर स्तर पर प्रयास करेंगे। 
हर कॉलेजों में 44 नए पदों का सृजन होगा। राज्य सरकार ने कॉलेज रहित 211 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज की स्थापना की योजना बनायी है। इनके लिए अलग से शिक्षकों के साथ गैर शैक्षणिक पदों पर नियुक्ति की जानी है। प्रत्येक कॉलेज में 44 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गयी है। इनमें 32 शिक्षकों और 12 गैर शैक्षणिक पदों पर नियुक्ति की जानी है। इस प्रकार इन कॉलेजों में 6752 शिक्षक और 2532 गैर शैक्षणिक कर्मी नियुक्त होंगे। ऐसे में कुल 9284 पदों पर नियुक्ति होनी है। राज्य मंत्रिपरिषद ने इस प्रस्ताव को पहले ही हरी झंडी दे दी है।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.