Voice of Eastern India

बिहार में बदमाशों का तांडव, पड़ोसी को घर पर बुलाकर दाग दी गोली


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
दिवाकर कुमार / मुंगेर:
बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र स्थित रामपुर रेलवे क्वार्टर में सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। ग्रेड-1 टेक्नीशियन राहुल झा को कथित रूप से उनके पड़ोसी ने फोन कर घर से बुलाया और अपने क्वार्टर में ले जाकर गोली मार दी। गोली लगने से राहुल झा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

जांच में जुटी पुलिस 

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल रेलकर्मी राहुल झा ने अस्पताल में बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे वह अपने क्वार्टर में खाना खाने बैठे थे। उसी दौरान उनके पड़ोसी सनी यादव का फोन आया। सनी ने उनसे कुछ जरूरी बात करने के लिए अपने क्वार्टर पर आने को कहा। राहुल के अनुसार, जब वह सनी के क्वार्टर पहुंचे तो वहां पहले से तीन-चार लोग मौजूद थे और सामान्य बातचीत कर रहे थे।

बातचीत करते हुए दाग दी गोली

राहुल ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान सनी ने अपने एक साथी को इशारा किया, जिसके बाद वह अंदर से एक पिस्टल लेकर आया। पिस्टल में कच्चा धागा भी बंधा हुआ था। आरोप है कि इसके बाद सनी ने पिस्टल अपने हाथ में लेकर राहुल पर गोली चला दी। 

घायल का मोबाइल छीन कर भागे बदमाश 

गोली उनके बांह में लगी और वह वहीं गिरकर तड़पने लगे। घायल राहुल ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने किसी तरह अपने मोबाइल से एक दोस्त को सूचना दी। इस दौरान आरोपी उनका मोबाइल छीनकर अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद उनका दोस्त और पत्नी वहां पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। 

बदमाशों की तलाश में छापेमारी जारी 

वहीं, राहुल झा की पत्नी ने बताया कि वह रात में अपने पति को खाना देने जा रही थीं। इसी दौरान उनके पति को किसी का फोन आया और वह बाहर चले गए। करीब आधे घंटे बाद एक दोस्त ने फोन कर बताया कि राहुल को गोली मार दी गई है। जब वह घटनास्थल पर पहुंचीं तो देखा कि सनी यादव अपने साथियों के साथ वहां से भाग रहा था, जबकि उनके पति खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। परिजनों ने घायल रेलकर्मी को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.