न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: सिसवन थाना क्षेत्र के साईंपुर गांव में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव निवासी दुखी राम के पुत्र सोहन राम (45) के रूप में हुई है।
बेटे की शादी के लिए हरियाणा से आए थे
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि सोहन राम हरियाणा में स्पोर्ट्स लाइन से जुड़े कार्य करते थे और वहीं रहकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे शुक्रवार को ही हरियाणा से अपने घर लौटे थे। परिजनों के अनुसार, घर आने के कुछ ही घंटों बाद देर रात अज्ञात अपराधियों ने उनकी गला रेतकर हत्या कर दी।
19 जून को बेटे का था तिलक समारोह
परिवार के लोगों ने बताया कि 19 जून को उनके पुत्र का तिलक समारोह होने वाला था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार खुशियों की तैयारी में जुटा था, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना पर पहुंची सिसवन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। लोग पुलिस प्रशासन से शीघ्र खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
