बिहार में अर्णब तूफान का असर मौसम पर दिखाई दे रहा है।
न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: बिहार में अर्णब तूफान का असर मौसम पर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 30 अक्टूबर को राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। खासकर उत्तर बिहार के जिलों में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
IMD के मुताबिक तूफान अर्णब से बना कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर मौजूद है। इसके उत्तर की ओर बढ़ने और कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने का अनुमान है। इसके प्रभाव से बिहार में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को मधुबनी और सीतामढ़ी में भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं दरभंगा, पूर्वी चंपारण, शिवहर और पश्चिमी चंपारण में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इसके अलावा गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पटना, समस्तीपुर, सुपौल, शिवहर और वैशाली में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने और तेज हवा चलने की आशंका भी जताई है।
पटना, नालंदा, गया, जहानाबाद, नवादा और आसपास के इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 30 अक्टूबर को इन इलाकों में बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दक्षिण-पश्चिम बिहार के औरंगाबाद, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ और अरवल में भी बारिश का अनुमान है। खासकर भभुआ और रोहतास में 29 अक्टूबर को गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। इन दोनों जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 31 अक्टूबर को भी बिहार के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का असर रह सकता है। उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है।
