न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित / पटना : बिहार में मानसून की दस्तक के साथ तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी है। इस कड़ी में खगड़िया में सबसे ज्यादा पांच लोगों की जान गई, जबकि मधेपुरा में दंपती की मौत हुई है।
बिजली की चपेट में आकर 10 झुलसे
वहीं दूसरी ओर भागलपुर, सहरसा, भोजपुर और जमुई में भी वज्रपात से लोगों की मौत की खबर मिली है। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 10 लोग झुलस गए, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं।
12 जिलों में हाई अलर्ट
लोगों को सावधान करने के लिए मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है। साथ ही मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और जलाशयों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन ने जिलों को सतर्क रहने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
वज्रपात ने बढ़ाई चिंता
मानसून की पहली बड़ी बारिश के साथ वज्रपात की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। बिहार में मौसम का मिजाज फिलहाल खतरनाक बना हुआ है और अगले कुछ घंटों तक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
