Voice of Eastern India

बिहार में शराब तस्करों ने पार की सारी हदें, छापेमारी के दौरान पुलिस पर जानलेवा हमला, दो महिलाओं समेत 5 उपद्रवी गिरफ्तार


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क( चंद्र प्रकाश, मुजफ्फरपुर) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कानून को ठेंगा दिखाते हुए शराब तस्करों और उपद्रवियों ने खाकी पर जानलेवा हमला बोल दिया है। पारू थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में सोमवार की देर रात वांटेड लिकर सिंडिकेट के गुर्गे को दबोचने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने हिंसक धावा बोल दिया। इस भीषण मारपीट और पथराव में एक महिला सब-इंस्पेक्टर सहित आठ पुलिस जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। उपद्रवियों ने इस दौरान पुलिस की गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

दारोगा पुलकित और पुष्पा कुमारी समेत 4 जवान मेडिकल कॉलेज रेफर

रात के अंधेरे में हुए इस अचानक हमले में दारोगा पुलकित कुमार, महिला दारोगा पुष्पा कुमारी, सन्नी कुमार, रामभरोस यादव, मोहम्मद मुमताज, अजय कुमार, विवेक कुमार और पंकज कुमार चोटिल हुए हैं। इनमें से पुलकित कुमार, पुष्पा कुमारी, सन्नी और रामभरोस की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है, जहाँ वे जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

वांटेड अजय राय के घर दबिश देने गई थी टीम, तभी भड़का बवाल

जानकारी के मुताबिक, पारू पुलिस को इनपुट मिला था कि इलाके का मोस्ट वांटेड शराब धंधेबाज अजय राय उर्फ अजय कुमार दामोदरपुर स्थित अपने घर पर मौजूद है। जैसे ही पुलिस की टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश दी, वैसे ही तस्कर के गुर्गों और स्थानीय उपद्रवियों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और पुलिसवालों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया।

भारी पुलिस बल ने गांव को घेरा, 2 महिलाओं समेत 5 उपद्रवी दबोचे गए

वारदात की भनक मिलते ही आला अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर स्थिति को काबू में किया। खाकी पर हाथ डालने वालों को सबक सिखाने के लिए पुलिस ने तुरंत जवाबी कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से भोला राम, अंकित कुमार और दो महिलाओं- खुशबू कुमारी व शोभा कुमारी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी, सीधे जेल भेजे जाएंगे आरोपी

एसडीपीओ के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पारू के ही रहने वाले हैं। पुलिस टीम पर पथराव और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में इन सभी से कड़ी पूछताछ की जा रही है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इन सभी को सीधे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा, जबकि फरार मुख्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.