Voice of Eastern India

बिहार में स्कूल लाइब्रेरियन की बहाली से पहले होगी ये परीक्षा, जानें कब से शुरू होगा आवेदन 


न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: बिहार के सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालयाध्यक्ष बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा-2026 के आयोजन का शेड्यूल जारी कर दिया है। जारी शेड्युल के अनुसार, परीक्षा 19 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।

बिहार बोर्ड की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा का आयोजन शिक्षा विभाग के निर्देश पर किया जाएगा। परीक्षा की तिथि फिलहाल संभावित कार्यक्रम के रूप में जारी की गई है। आवेदन, परीक्षा शुल्क, विस्तृत पात्रता, परीक्षा पैटर्न, पाठ्यक्रम और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी बोर्ड की ओर से जल्द जारी की जाएगी। 

बता दें कि लाइब्रेरी साइंस से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए लंबे समय से इस परीक्षा और भर्ती का इंतजार था। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद अब अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

पात्रता परीक्षा पास करना जरूरी

सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालयाध्यक्ष की भर्ती की दिशा में यह परीक्षा महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुस्तकालयाध्यक्ष पद के लिए अभ्यर्थियों को पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करना होगा। हालांकि, पात्रता परीक्षा पास करने मात्र से सीधे नियुक्ति नहीं होगी, बल्कि इसके बाद होने वाली भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन करना होगा।

आवेदन से पहले तैयार रखें प्रमाणपत्र

ऑनलाइन आवेदन के दौरान शैक्षणिक प्रमाणपत्र, फोटो, हस्ताक्षर समेत जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। आवेदन शुरू होने से पहले अभ्यर्थी अपने सभी प्रमाणपत्रों की जानकारी और दस्तावेज तैयार रखें। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा। परीक्षा शुल्क, आयु सीमा, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता और परीक्षा के सिलेबस की जानकारी नोटिफिकेशन में मिलेगी।

महत्वपूर्ण तिथियां

  •     ऑनलाइन आवेदन शुरू : 1 अक्टूबर 2026
  •     आवेदन की अंतिम तिथि : 21 अक्टूबर 2026
  •     पात्रता परीक्षा : 19 नवंबर से 10 दिसंबर 2026

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.