Voice of Eastern India

मुजफ्फरपुर में 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आया लाइनमैन, मौत के बाद हंगामा और आगजनी


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में जजुआर पश्चिमी पंचायत निवासी विद्युत विभाग के लाइनमैन प्रकाश सहनी की 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को कटरा बसघट्टा फीडर के बाहर रखकर जोरदार प्रदर्शन और आगजनी की।

ग्रामीणों के अनुसार, प्रकाश सहनी फीडर से शटडाउन (बिजली आपूर्ति बंद) लेकर लाइन पर मरम्मत का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर फीडर पर तैनात कर्मियों ने दोबारा बिजली आपूर्ति चालू कर दी, जिससे वे 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग फीडर कार्यालय के बाहर जुट गए। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे। जानकारी के अनुसार, जिले से बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों के घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना है।

ग्रामीणों का कहना है कि कटरा बसघट्टा फीडर में कार्यरत कर्मियों पर पहले भी लापरवाही के आरोप लगते रहे हैं। उनका दावा है कि इससे पहले भी कई लाइनमैन करंट लगने की घटनाओं में अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे में लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, घटना के कारणों और लापरवाही के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और बिजली विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत लाइनमैन प्रकाश सहनी को मेहनती, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.