Voice of Eastern India

मैं सहेली के बिना जी नहीं सकती, शादी तो उसी से करूंगी बोलकर हाई टेंशन टावर पर चढ़ी युवती


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
चंद्र प्रकाश / मुजफ्फरपुर :
जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के तेलिया छपरा गांव में गुरुवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अपनी महिला मित्र से शादी करने की जिद पर अड़ी एक युवती बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई और घंटों तक वहीं बैठी रही। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।

पड़ोस की युवती से है प्रेम

बताया जा रहा है कि युवती पड़ोसी गांव की एक युवती से प्रेम करती है और उसी से विवाह करना चाहती है। उसका दावा है कि उसने अपनी कथित प्रेमिका की मांग में सिंदूर भी भर दिया है। लेकिन परिवार द्वारा प्रेमिका की शादी कहीं और तय किए जाने का विरोध करते हुए उसने यह कदम उठाया।

सहेली के घरवालों ने ठुकराई शादी की मांग

सुबह करीब सात बजे मोबाइल लेकर हाईटेंशन टावर पर चढ़ी युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा, “क्या लड़की-लड़की की शादी गुनाह है? उसके बिना जी नहीं सकती, तो मर तो सकती हूं।” उसने आरोप लगाया कि वह अपनी प्रेमिका के परिजनों से शादी की अनुमति मांगने भी गई थी, लेकिन लड़की होने के कारण उसकी बात ठुकरा दी गई।

युवती को समझाने में जुटी पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही साहेबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस, स्थानीय प्रशासन और परिजन लगातार युवती को समझाने में जुटे रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई ताकि कोई हादसा न हो। फिलहाल पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने और पूरे मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने का प्रयास कर रही है। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.