Voice of Eastern India

मोतिहारी में नाबालिग से छेड़खानी का विरोध पड़ा भारी, परिवार पर लाठी-डंडों से हमला, कई घायल


न्यूज 11 भारत /  बिहार डेस्क 

मनीष कुमार / मोतिहारी –   मोतिहारी के छौड़ादानों थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी का विरोध करना उसके परिवार को महंगा पड़ गया। पीड़ित संजय सेठी के अनुसार उनकी बेटी प्रतिदिन स्कूल और ट्यूशन पढ़ने जाती है। इसी दौरान पड़ोस का रहने वाला विक्की कुमार शाह लगातार उसे परेशान करता था और रास्ते में अश्लील टिप्पणियां करता था। छात्रा ने कई बार उसकी हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब आरोपी की गतिविधियां बढ़ने लगीं तो उसने पूरी घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद परिवार ने मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की कोशिश की और आरोपी युवक को समझाने का प्रयास किया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने केवल इतना चाहा था कि उनकी बेटी सुरक्षित रहे और आरोपी अपनी हरकतों से बाज आए, लेकिन उनकी यह कोशिश आगे चलकर बड़े विवाद का कारण बन गई।

हाइलाइट्स – 

  • नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी का विरोध करने पर परिवार पर हमला।
  • आरोप है कि विक्की कुमार शाह और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की।
  • हमले में कई लोग घायल, कुछ के हाथ-पैर टूटने की बात सामने आई।
  • घायलों का इलाज निजी और सरकारी अस्पतालों में जारी।
  • पीड़ित परिवार ने छौड़ादानों थाना में शिकायत दर्ज कराई।
  • पुलिस मामले की जांच में जुटी, एसपी से न्याय की गुहार।

आरोपी ने साथियों के साथ घर पहुंचकर किया हमला

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब छात्रा की मां ने विक्की कुमार शाह से उसकी हरकतों के संबंध में बात की और उसे समझाने की कोशिश की, तो वह नाराज हो गया। आरोप है कि उसने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय अपने कुछ साथियों को बुला लिया। इसके बाद विक्की कुमार शाह अपने दोस्त संदीप शाह, मदन साह और कथित तौर पर चटिया गैंग से जुड़े अन्य लोगों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंच गया। वहां पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने कई लोगों को निशाना बनाकर पीटा। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन तब तक कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।

घायलों का इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी

इस मारपीट में प्रभा देवी, कृतिका देवी और राम अयोध्या शाह समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का कहना है कि हमले में कुछ लोगों के हाथ-पैर तक टूट गए हैं। सभी घायलों का इलाज निजी और सरकारी अस्पतालों में कराया जा रहा है। घटना के बाद पीड़ित संजय सेठी अपने भाई और अन्य परिजनों के साथ छौड़ादानों थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित परिवार ने रो-रोकर न्याय की गुहार लगाते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें – बदल जाएगी भागलपुर के ऐतिहासिक जिला स्कूल की सूरत, हाईटेक सुविधाओं से होगा लैस

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.