न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद याादव आज अपना 79वां जन्मदिन मना रहे हैं। लालू प्रसाद यादव ने परिवार के लोगों के साथ जन्मदिन के मौके पर रात 12 बजे केक काटा है। आज प्रदेश कार्यालय में भी लालू यादव का जन्मदिन मनाया जाएगा। इस मौके पर 78 पाउंड का केक काटा जाएगा। वहीं दूसरी ओर तेजस्वी यादव ने इस खास पल की कुछ तस्वीरें अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया है। इन तस्वीरों में राबड़ी देवी अपने पति लालू प्रसाद यादव को केक खिलाती नजर आ रही हैं।
तेज प्रताप ने किया भावुक पोस्ट
इधर लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के मौके पर उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने भावुक पोस्ट किया है। तेज प्रताप यादव ने लालू प्रसाद यादव के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है कि उन्हे गर्व है कि वो लालू यादव के बेटे हैं। तेजस्वी यादव ने लिखा है कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने ही उन्हें जीने का तरीका सिखाया और परिवार तथा समाज को एकजुट रखा। अपने एक्स हैंडल पर तेज प्रताप यादव ने पिता को जन्मदिन की बधाई दी है।
एक्स पर दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा, ‘जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ, पापा! आज आपके जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर मैं दिल से कहना चाहता हूँ कि मैं स्वयं को बेहद सौभाग्यशाली मानता हूँ कि मुझे आपका पुत्र होने का अवसर मिला। आपने मुझे सिर्फ जन्म ही नहीं दिया, बल्कि जीवन जीने का सही तरीका भी सिखाया। आपने मुझे संघर्ष करना, लोगों का सम्मान करना, कठिन परिस्थितियों में मजबूत बने रहना और हमेशा आगे बढ़ते रहना सिखाया। आज मैं जो कुछ भी हूँ, मेरी हर सफलता, मेरी हर पहचान और मेरे जीवन की हर उपलब्धि आपके आशीर्वाद, मार्गदर्शन और संस्कारों का परिणाम है। मैं अपनी हर उपलब्धि आपको समर्पित करता हूँ।
तेजस्वी ने शेयर की तस्वीर
लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने भी अपने पिता को जन्मदिन की बधाई दी है। तेजस्वी यादव ने अपने एक्स हैंडल पर लालू प्रसाद यादव के केक काटने की तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में लालू प्रसाद यादव तेजस्वी यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती और घर के अन्य सदस्यों के साथ जन्मदिन मनाते नजर आ रहे हैं।
प्रदेश कार्यालय में मनेगा बर्थडे
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन आज प्रदेश कार्यालय में बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। उनके जन्मदिन को सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
