न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
इन्द्रदेव/सहरसा: जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कर्पूरी छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में चल रहे कार्य कई स्तर पर कमियां और कार्यों में अनियमितता सामने आई, जिस पर जिलाधिकारी ने संवेदक को कड़ी फटकार लगाई।
डीएम ने संबंधित संवेदक को एक सप्ताह के भीतर सभी कमियों को दूर कर व्यवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यों में अनियमितता को देखते हुए संवेदक के भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि उनके द्वारा दोबारा छात्रावास का निरीक्षण करने और कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने के बाद ही भुगतान किया जाएगा।
बताया गया कि छात्रावास से जुड़ी कई शिकायतें छात्रों द्वारा पूर्व में भी कल्याण पदाधिकारी के समक्ष की गई थीं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों से भी समस्याओं और सुविधाओं को लेकर जानकारी ली।
वहीं, जिलाधिकारी ने बताया कि छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का उद्घाटन किया जा चुका है। इस पोर्टल के माध्यम से छात्र अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और प्राप्त शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 दिनों के अंदर समाधान किया जाएगा। डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन गंभीर है।
