Voice of Eastern India

सहरसा में ‘नशा मुक्ति कोसी’ अभियान को बड़ी सफलता, ई-रिक्शा से 47.425 किलो गांजा समेत तस्कर गिरफ्तार


न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
इन्द्रदेव/ सहरसा:
जिले में डीआईजी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘नशा मुक्ति कोसी’ अभियान के तहत सूखे नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा से भारी मात्रा में गांजा ले जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ई-रिक्शा से 47 पैकेट में कुल 47 किलो 425 ग्राम गांजा बरामद किया है।

इस संबंध में सदर थाना में प्रभारी एसडीपीओ ओमप्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहरा थाना पुलिस को सुबह गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि सुपौल से बिहरा बाजार होते हुए ई-रिक्शा के जरिए भारी मात्रा में गांजा सहरसा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने मुक्तार मंदिर के समीप सघन वाहन जांच शुरू की।

इसी दौरान सुपौल की ओर से आ रहे संदिग्ध ई-रिक्शा BR-50ER-6271 को रोककर दंडाधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ई-रिक्शा से 47 पैकेट गांजा बरामद हुआ। डिजिटल तराजू से वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा 47.425 किलोग्राम पाई गई। पुलिस ने मौके से गांजा के अलावा ई-रिक्शा और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र के करीहो वार्ड संख्या-13 निवासी झमेली साह के पुत्र पन्ना लाल साह के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को इसकी सूचना दे दी है।

बिहरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और सहरसा में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।

कार्रवाई में बिहरा थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक संजय कुमार सत्यार्थी, पु०अ०नि० राजकमल, पु०अ०नि० मुकेश यादव, परि०पु०अ०नि० प्रशांत कुमार सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.