न्यूज 11 भारत, पटना डेस्क : बिहार में मानसून की सक्रियता तेजी से बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार 14 जुलाई को उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, कुछ इलाकों में वज्रपात (बिजली गिरने) और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 14 जुलाई को बिहार के चार प्रमुख जिलों- दरभंगा, कटिहार, पूर्णिया और सुपौल में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। इनके अलावा, अररिया, बांका, भागलपुर, जमुई, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी और सहरसा के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
बिजली गिरने और तेज आंधी का खतरा
उत्तर और मध्य बिहार के कई जिलों में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी या तेज हवा (Gusty Wind) चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। इनमें शामिल जिले खगड़िया, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और वैशाली हैं। इसके साथ ही राज्य के दक्षिण-मध्य भाग के जिलों में भी आंधी और वज्रपात का प्रभाव देखा जा सकता है।
