Voice of Eastern India

सीवान में दिनदहाड़े फायरिंग, पूर्व प्रमुख के पति को मारी गोली



आंदर थाना क्षेत्र के शिवली मठिया गांव में गोलीबारी की घटना में आंदर प्रखंड की पूर्व प्रमुख प्रतिभा गिरी के पति एवं शिक्षक किशोर कुमार गिरी गंभीर रूप से घायल हो गये। 

न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क 
सरफराज आलम/सीवान:
आंदर थाना क्षेत्र के शिवली मठिया गांव में गोलीबारी की घटना में आंदर प्रखंड की पूर्व प्रमुख प्रतिभा गिरी के पति एवं शिक्षक किशोर कुमार गिरी गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना स्कूल के समीप करीब नौ बजे की बतायी जा रही है। गोली उनके सिर के पास लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।

शिक्षिका के बुलाने पर स्कूल पहुंचे थे किशोर गिरी

स्थानीय जानकारी के अनुसार, शिवली मठिया गांव के समीप स्थित एक स्कूल की शिक्षिका ने किशोर कुमार गिरी को फोन कर स्कूल बुलाया था। बताया गया कि स्कूल के एक कमरे में एक युवक और युवती के जाने की सूचना मिलने के बाद किशोर गिरी वहां पहुंचे थे। 

मामले को लेकर पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर अपने कुछ साथियों को फोन कर बुला लिया। इसके बाद वहां से युवक के भागने की बात सामने आयी.

बाइक सवार युवकों पर फायरिंग करने का आरोप

बताया गया कि युवक के भागने के दौरान स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया। इसी बीच बाइक से पहुंचे कुछ युवकों की ओर से गोलीबारी की गयी। इसी दौरान एक गोली किशोर कुमार गिरी को लग गयी और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और परिजनों की मदद से घायल शिक्षक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

गंभीर हालत में पटना रेफर

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने किशोर कुमार गिरी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले गये।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपितों की पहचान का प्रयास

घटना की सूचना मिलने के बाद आंदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही गोलीबारी में शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.