न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने बिहार सहित पूरे देश में व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। पार्टी ने 5 जून से 21 जून तक “12 साल बेमिसाल” विशेष पखवाड़ा आयोजित करने की घोषणा की है। इस अभियान का उद्देश्य मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जनता के सामने रखने का माध्यम होगा। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए लोगों से सीधे संवाद करेंगे।
हाईलाइट्स –
- भाजपा 5 जून से 21 जून तक “12 साल बेमिसाल” विशेष पखवाड़ा चलाएगी।
- 8 से 14 जून तक राज्यभर में “प्रगतिपथ यात्रा” और स्वच्छता अभियान आयोजित होगा।
- 12 से 20 जून तक जनकल्याण शिविरों में केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
- प्रत्येक जिले में तीन दिवसीय प्रदर्शनी लगाकर मोदी सरकार की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी।
- 15 से 20 जून तक “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का आयोजन होगा।
- भाजपा का दावा, 10 जून को मोदी सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बन जाएंगे।
प्रगतिपथ यात्रा, स्वच्छता अभियान और जनकल्याण शिविर होंगे आयोजित
अभियान के तहत 8 जून से 14 जून तक “प्रगतिपथ यात्रा” निकाली जाएगी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे तथा जनता को केंद्र सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएंगे। इसी अवधि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राज्यभर में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता कम से कम दो दिन अपने क्षेत्र में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके अलावा सभी जिलों में मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केंद्रीय मंत्री, सांसद, राज्य सरकार के मंत्री और वरिष्ठ नेता मीडिया के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे। वहीं 12 जून से 20 जून तक विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख प्रखंड मुख्यालयों में दो दिवसीय जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों को आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और लाभार्थियों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
विकसित भारत संकल्प सम्मेलन और प्रदर्शनी पर रहेगा जोर
भाजपा ने 15 जून से 20 जून तक “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” आयोजित करने का भी निर्णय लिया है। इन सम्मेलनों में शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, समाजसेवियों, व्यवसायियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, विभिन्न परीक्षाओं के टॉपर्स और सम्मानित नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही 12 जून से 20 जून के बीच प्रत्येक जिले में तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। भाजपा ने जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। पार्टी नेताओं का दावा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून 2026 को 4,149 दिनों का कार्यकाल पूरा कर देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बन जाएंगे। भाजपा के अनुसार “12 साल बेमिसाल” विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल क्रांति और मजबूत भारत की कहानी को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है।
इसे भी पढ़ें – बिहार की सरकारी बसों में लगेगा फेस रिकग्निशन सिस्टम, बिना टिकट यात्रा और ओवरलोडिंग पर लगेगी लगाम
