न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार में मानसून का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने आज 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, पटना समेत 14 जिलों में आज भी बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक पूरे बिहार में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे में भारी बारिश की संभावना है। जबकि अगले 7 से 10 दिनों के दौरान मानसून और ज्यादा मजबूत होगा।
कल कैसा रहा मौसम
आपको बता दें कि, मंगलवार को पटना, बेतिया, कटिहार, मधुबनी, सासाराम और औरंगाबाद समेत 15 जिलों में बारिश हुई। पटना में सोमवार की रात से ही बादल छाए हैं। कुछ इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नालंदा में एक मजार पर चादर चढ़ाने पहुंचे, लेकिन तेज बारिश के कारण उन्हें लौटना पड़ा। वहीं, मुंगेर में नदी का जलस्तर बढ़ने से कटाव शुरू हो गया है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। दरभंगा के जाले में तेज आंधी के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एक विशाल पीपल के पेड़ की डाल टूटकर एक मकान पर गिर गई। हादसे के समय घर में मौजूद एक ही परिवार के 7 लोग बाल-बाल बच गए।
बिहार में अगले 3 दिनों तक मौसम का पूर्वानुमान
8 जुलाई: दरभंगा, कटिहार, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर,पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और वैशाली में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। अररिया, भभुआ, किशनगंज, मधुबनी और सुपौल में भारी बारिश की संभावना है।
9 जुलाई: पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में बारिश और वज्रपात हो सकती है।
10 जुलाई: मधुबनी और सुपौल में 30-40 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। अररिया, दरभंगा, कटिहार, किशनगंज, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर और वैशाली में बिजली गिरने की संभावना है। पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश होने के आसार हैं।
