न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
इन्द्रदेव / सहरसा: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पस्तपार थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 333 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद बोलेरो कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पस्तपार थाना गेट के पास सघन वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 333 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। मौके से कार में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के दूधीमोहनपुर निवासी सुनीत कुमार सिंह और मानसी थाना क्षेत्र के नौहा निवासी अंगद कुमार के रूप में हुई है।
बरामद मादक पदार्थ का वजन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की मौजूदगी में कराया गया तथा विधि-सम्मत प्रक्रिया पूरी करते हुए जब्ती सूची तैयार की गई। इस मामले में पस्तपार थाना कांड संख्या 89/2026 दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक की आपूर्ति श्रृंखला और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान में जुटी है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
