न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने एक बोलोरो वाहन को रोका। वाहन की जांच शुरू करते ही अंदर बने हैरतअंगेज तहखाने देखकर सब दंग रह गए। ड्राइवर, सहचालक, बीच और पिछली सीट के नीचे तथा फाइबर डैशबोर्ड में खूबसूरती से छुपाए गए तहखानों से 137.5 लीटर शराब और बियर बरामद हुई।
5 लाख की शराब जब्त
इसमें रॉयल स्टैग की 84 बोतल (750 ), 72 बोतल (375 ) और किंगफिशर बियर के 95 केन शामिल हैं। बिहार में इन जब्त शराब की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि बोलोरो गाड़ी की कीमत 10 लाख रुपये के आसपास है। एक गाड़ी से ही लाखों की सप्लाई चल रही थी।
नवादा में देनी थी डिलीवरी
गिरफ्तार चालक प्रवीण कुमार (कोडरमा जिले का तिलैया निवासी) ने बताया कि सतगांवा निवासी बब्लू ने गाड़ी दी थी। इसे नवादा के अकबरपुर और नवादा शहर में डिलीवरी देनी थी। उत्पाद विभाग ने प्रवीण समेत अन्य संदिग्धों के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बिहार में शराबबंदी के बावजूद झारखंड सीमा से इस तरह की स्मार्ट तस्करी जारी है। उत्पाद बलों ने साफ कहा कि ऐसे माफिया गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार की जा रही है।
