न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी : शेरघाटी शहर में चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं के बीच शनिवार तड़के अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शहर के नया बाजार स्थित पावर ग्रिड के समीप एक मकान में घुसे चोर करीब सात लाख रुपये नकद समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने घर की महिला सदस्य पर फायरिंग कर दी। गोली उनके बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
खिड़की से अंदर घुसे बदमाश
जानकारी के अनुसार, शनिवार अहले सुबह करीब 3:30 बजे किशोर कुमार गुप्ता के घर में चोरों ने बेहद शातिर अंदाज में प्रवेश किया। बदमाशों ने पहले घर की खिड़की की लोहे की ग्रिल काटी और उसी रास्ते अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने उस कमरे के बगल वाले कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, जहां परिवार के सदस्य सो रहे थे, ताकि किसी की नींद खुलने पर भी वे तुरंत बाहर निकलकर उनका पीछा न कर सकें। इसके बाद चोरों ने घर में रखे करीब सात लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान समेटना शुरू कर दिया।
नकद के साथ कीमती सामान भी ले भागे
गृहस्वामी किशोर कुमार गुप्ता ने बताया कि बदमाश घर में रखे करीब सात लाख रुपये नकद के अलावा अन्य कीमती सामान भी लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि परिवार के लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घायल कविता देवी ने बताया कि रात में बारिश होने के कारण वह बाहर रखे कपड़े उठाने के लिए निकली थीं। तभी उनकी नजर घर के अंदर संदिग्ध लोगों पर पड़ी। उन्होंने शोर मचाकर विरोध किया तो एक बदमाश ने उन पर एक राउंड फायरिंग कर दी। गोली उनके बाजू को छूते हुए निकल गई। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें धक्का दिया और भागने लगे। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए, लेकिन तब तक अपराधी मौके से फरार हो चुके थे।
मामले की जांच जारी
घटना के दौरान भागते समय एक बदमाश की चप्पल घटनास्थल पर ही छूट गई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। माना जा रहा है कि यह पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात में शामिल अधिकांश बदमाशों की उम्र करीब 20 वर्ष से कम प्रतीत हो रही थी। गोली लगने से घायल कविता देवी को परिजनों ने तत्काल शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई। घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मामले में एएसआई संतोष राम ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एक महीने में आधा दर्जन घरों को बना चुके हैं निशाना
शेरघाटी शहर में पिछले एक महीने के दौरान चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है। एक के बाद एक आधा दर्जन से अधिक घरों को निशाना बनाए जाने से लोगों में दहशत का माहौल है। शहरवासियों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे चोरी के दौरान विरोध करने वालों पर गोली चलाने से भी नहीं डर रहे हैं। हाल के दिनों में रवि सिंह के घर से करीब 25 लाख रुपये की चोरी हुई थी। इसके अलावा अर्जुन प्रसाद और वीरेंद्र प्रसाद के यहां करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया था। वहीं चंदन फल व्यवसायी के घर में भी चोरी का प्रयास किया गया था। अब किशोर कुमार गुप्ता के घर हुई सात लाख रुपये नकद की चोरी और महिला पर फायरिंग की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
लगातार हो रही वारदातों के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि रात में प्रभावी गश्ती होती तो अपराधी इतनी आसानी से एक के बाद एक बड़ी घटनाओं को अंजाम नहीं दे पाते। शहर के कई मोहल्लों में लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद अपराधियों का अब तक नहीं पकड़ा जाना भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध युवकों की सघन जांच करने, शहर में सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने तथा चोरी की सभी घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आम नागरिकों का अपने ही घरों में सुरक्षित रहना मुश्किल हो जाएगा। शनिवार की यह घटना केवल एक चोरी नहीं, बल्कि शेरघाटी में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था की ओर इशारा करती है। अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब इन सिलसिलेवार चोरियों का खुलासा होगा और शहरवासियों को राहत मिलेगी।
