Voice of Eastern India

बिजली तार चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 शातिर गिरफ्तार


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : मुजफ्फरपुर जिले के हत्था थाना पुलिस ने बिजली तार चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह के 9 शातिर अपराधियों को विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए बिजली के तार भी बरामद किए हैं।

पेशेवर तरीके से करते थे चोरी 

शुक्रवार को हत्था थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंतरजिला और अंतरथाना क्षेत्रों में सक्रिय एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं। यह गिरोह मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिले के सीमावर्ती इलाकों में पेशेवर तरीके से बिजली तार चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम 

गिरफ्तार आरोपियों में बरियारपुर थाना क्षेत्र के संतोष कुमार, सकरा थाना क्षेत्र के राकेश शाह और राजेश कुमार, तथा समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के कमलेश झा, प्रियांशु कुमार, आदर्श कुमार, चंद्रदीप कुमार, अभिषेक कुमार और अविनाश कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के अधिकांश सदस्य पूसा-हरपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

लंबे समय से थी आरोपियों की तलाश 

पुलिस ने इनके पास से करीब 30 किलोग्राम एलटी एबी काला केबल तथा चार बंडल एससीएसआर एल्युमिनियम तार (लगभग 50 किलोग्राम) बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्था थाना में बिजली तार चोरी से संबंधित मामले पहले से दर्ज थे और पुलिस को लंबे समय से उनकी तलाश थी।

अभियान चलाकर गिरोह का पर्दाफाश 

एसडीपीओ ने बताया कि हाल के दिनों में हत्था थाना क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में बिजली तार चोरी की कई घटनाएं हुई थीं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर इस संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। इनके आपराधिक इतिहास खंगाले जा रहे हैं। प्रेस वार्ता के दौरान थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी, दरोगा चितरंजन प्रसाद साह एवं संकेत कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.