न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : नवगछिया और कटिहार समेत पूरे सीमांचल क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों के लिए भारतीय रेल की तरफ से बड़ी राहत भरी खबर आई है। इस रूट पर यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ और ट्रेनों में लंबी वेटिंग को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने कटिहार–मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 09189/09190) के संचालन अवधि में विस्तार करने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन के 5 अतिरिक्त फेरों को मंजूरी दे दी है।
मुंबई जाने वालों को मिलेगी राहत
रेलवे के इस फैसले से मुंबई की यात्रा करने वाले नौकरीपेशा लोगों, स्थानीय व्यवसायियों, छात्रों और इलाज कराने मुंबई जाने वाले गंभीर मरीजों को सीधा फायदा पहुंचेगा। स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ने से वेटिंग टिकट की लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी और यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी। सीमांचल से मुंबई रूट पर पूरे वर्ष यात्रियों का भारी दबाव बना रहता है, जिसे देखते हुए यह विस्तार बेहद राहतकारी माना जा रहा है।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सहूलियत, मांग और ट्रेनों में उमड़ रही अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से रेल प्रशासन ने स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया है। इससे मुंबई आने-जाने वाले सीमांचल के हजारों रेल यात्रियों की यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगी।
फेरों का पूरा शेड्यूल
कब-कब चलेगी कटिहार-मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन
1. गाड़ी संख्या 09189 (मुंबई सेंट्रल – कटिहार): 01 अगस्त 2026 से 29 अगस्त 2026 तक
दिन: प्रत्येक शनिवार
कुल फेरे: 5 अतिरिक्त फेरे
2. गाड़ी संख्या 09190 (कटिहार – मुंबई सेंट्रल): 04 अगस्त 2026 से 01 सितंबर 2026 तक
दिन: प्रत्येक मंगलवार
कुल फेरे: 5 अतिरिक्त फेरे
रेलवे के इस सकारात्मक कदम का नवगछिया, कटिहार, भागलपुर और आसपास के सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों ने पुरजोर स्वागत किया है। यात्रियों का कहना है कि नियमित ट्रेनों में महीनों पहले से सीटें फुल हो जाती थीं। ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन के 5 अतिरिक्त फेरे शुरू होने से लंबी दूरी के यात्रियों को बिना किसी परेशानी के आसान और सुविधाजनक सफर की सौगात मिलेगी।
