न्यूज 11 भारत/ बिहार डेस्क
राज कुमार विश्वकर्मा / नालंदा : नालंदा में पंचायत चुनाव की आहट के बीच पंचायत समिति सदस्य की गोली मारकर हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। एकंगरसराय थाना क्षेत्र के तारापुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने अमनार खास पंचायत के पंचायत समिति सदस्य श्याम प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और एसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलने के करीब तीन घंटे बाद नालंदा के एसपी भारत सोनी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। एसपी ने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि श्याम प्रसाद एक निजी क्लीनिक में कंपाउंडर के तौर पर भी काम करते थे। ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी तारापुर गांव के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोलीबारी कर दी।
गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इलाके में चर्चा है कि आने वाले पंचायत चुनाव में अमनार खास पंचायत की सीट आरक्षित होने की संभावना थी और श्याम प्रसाद मुखिया पद का चुनाव लड़ने की तैयारी में थे। इसी चुनावी समीकरण को हत्या की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
